Bareillylive : राजेन्द्र नगर के राजा द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशाल गणपति महोत्सव 2025 का चतुर्थ दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भव्य रूप से शुरू हुआ। यह महोत्सव 27 अगस्त से 2 सितंबर तक चलने वाला है, जिसमें बरेली के विभिन्न क्षेत्रों से आए सांस्कृतिक समूहों ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम की शुरुआत मगवान राम के मंदिर की झांकी और महिषासुर मर्दिनी तथा काली के युद्ध के सुंदर मंचन से हुई, जिसने सभी का मन मोह लिया।
इस दिन का मुख्य आकर्षण प्रख्यात भजन गायक डी. के. राजा द्वारा प्रस्तुत “एक शाम गणपति के नाम” था, जिसने श्रोताओं को अपनी मधुर आवाज़ और भक्तिमय गीतों से मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद महाआरती सेवा समिति ने भव्य महाआरती का आयोजन किया, जिसमें जगमगाती लाइटों ने दिव्य वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार, वन एवं पर्यावरण मंत्री, ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम आने वाली पीढ़ी में संस्कारों की स्थापना करते हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि और बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कलाकारों को पुरस्कार वितरित किए और इस आयोजन को बरेली की पहचान बताया।
इस अवसर पर महानगर भाजपा अध्यक्ष श्री अधीर सक्सेना और वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती श्रुति गंगवार भी उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शील चौराहा भक्तों से खचाखच भरा रहा, जहां गणपति बप्पा के जयघोष गूंजते रहे।
महोत्सव के शेष दो दिन, 31 अगस्त और 1 सितंबर को प्रतिदिन शाम आठ बजे से दस बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न कलाकार भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। यह महोत्सव बरेली में सांस्कृतिक समरसता और भक्ति भाव का प्रतीक बन चुका है, जिसे स्थानीय जनता द्वारा बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है। आयोजकों ने सभी से आगामी कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है।






