
बरेली। पवित्र श्रावण अर्थात सावन मास के दूसरे सोमवार को नाथ नगरी बरेली धाम में भोले की धूम रही। पूरा शहर बम बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। हजारों शिवभक्तों ने कांवड़ लाकर अपने आराध्य का शिवालय पहुंचकर जलाभिषेक किया। भक्तों को भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए कतारों में लगकर कई घण्टे प्रतीक्षा करनी पड़ी। प्रातः पौ फटते ही मंदिरों में लम्बी कतारें लगना शुरू हो गयीं थी।
नाथ नगरी जलाभिषेक समिति ने निकाली शोभायात्रा
सोमवार को नाथ नगरी जलाभिषेक समिति ने शहामतगंज से शोभायात्रा निकाली। फूलों से सजी झांकी के साथ शोभायात्रा जहां से गुजरती, वातावरण ‘बोल बम और ‘हर-हर महादेव से गूंज उठता। शहामत गंज से यह शोभायात्रा कालीबाड़ी, बरेली कॉलेज होते हुए गांधी उद्यान पहुंची। यहां लोगों ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा कैंट स्थित धोपेश्वरनाथ मंदिर की ओर चल पड़ी। रास्ते में भजन-कीर्तन कर रहे भक्त झूमते रहे। धोपेश्वरनाथ मंदिर में समिति ने भगवान शिव का भव्य रुद्राभिषेक किया। भांग, धतूरा, बेलपत्र, पान, सुपारी समेत अन्य पूजन सामग्री से उनका विधिवत शृंगार किया गया।
तैनात रहे पुलिस और आईटीबीपी के जवान
इसी तरह मढ़ीनाथ, अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, पशुपतिनाथ, तपेश्वरनाथ और वनखंडीनाथ मंदिर में भी जलाभिषेक किया गया। इन सभी मंदिरों में प्रातः तड़के ही कछला और हरिद्वार से जल लेकर कांवड़िये भगवान का जलाभिषेक करने पहुंच गए। इसके अलावा अन्य गलियों और मोहल्लों में भी मंदिरों में लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
सुरक्षा की दृष्टि से शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहे। इसके साथ ही सिविल डिफेंस की टीम और मंदिरों के अन्य वॉलिण्टियर्स भक्तों की सुविधाओं का ख्याल रख रहे थे।