The Voice of Bareilly since 2010

बरेलीः सावन के पहले सोमवार को नाथ मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु़, जयघोष से गूंजे शिवालय

बाबा अलखनाथ, बाबा मढ़ीनाथ, बाबा धोपेश्वर नाथ, बाबा चौमुखी नाथ और बाबा त्रिवटी नाथ मन्दिर, तपेश्वरनाथ मंदिर,नाथ मंदिरों में सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़,

BareillyLive. बरेली के नाथ मंदिरों में सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ महादेव के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालु अपने आराध्य के जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। बाबा अलखनाथ, बाबा मढ़ीनाथ, बाबा धोपेश्वर नाथ, बाबा चौमुखी नाथ, बाबा तपेश्वरनाथ मंदिर और बाबा त्रिवटी नाथ मन्दिर में श्रद्धालु सुबह चार बजे से कतार में खड़े होने लगे थे।

छह बजते-बजते मन्दिरों में लम्बी कतारें लगने लगीं। इसके बाद कांवरियों के जत्थे पहुंचने लगे। डीजे पर बजते महादेव के भजनों पर झूमते कांवरियों के लिए मन्दिरों में विशेष व्यवस्था की गयी थी। कांवरियों के पहुंचते ही उनके लिए अलग कतार लगवाकर दर्शन कराये गये। यह क्रम शाम तक चलता रहा। भक्तों ने बताया कि दो सालों से सावन में इस तरह पूजा नहीं कर सके थे। इस साल भक्तों में दोगुना उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा बलों को तैनात किया है। कांवरियों के जत्थों के साथ भी पुलिस कर्मी सुरक्षा में तैनात हैं। मंदिर में आने वालों पर सुरक्षा बलों की नजरें बनी हुईं हैं। सुबह एसपी सिटी ने नाथ मन्दिरों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवक भी मुस्तैद रहे। सिविल डिफेन्स के चीफ वार्डन राजीव शर्मा ने बताया कि पवित्र सावन माह मेंं सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवक भोलेनाथ और उनके भक्तों की सेवा में जुटे हैं। मन्दिरों में भक्तों और कांवर मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाने में वार्डन पुलिस प्रशासन के सहयोग को निरन्तर जुटे हैं।

error: Content is protected !!