The Voice of Bareilly since 2010

जिलाधिकारी ने बीएलओ के परिजनों से भेंट कर दीं शोक संवेदना, आर्थिक सहायता का भी भरोसा

Bareillylive : जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को भोजीपुरा के परधौली प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गए सहायक अध्यापक स्व. सर्वेश कुमार गंगवार के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह दुख पूरे जिले का है और ईमानदार कर्मचारी को खोना बड़ी क्षति है। परिवार चिंता न करे, प्रशासन हर कदम पर सहारा देगा।

परिवार ने मासूम जुड़वां बच्चों अहाना और अयांश का दर्द बयां किया, जिसे सुनकर डीएम क्षणभर भावुक हो उठे। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्व. सर्वेश ने बीएलओ के रूप में 46 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर लिया था, इसलिए किसी दबाव का सवाल ही नहीं उठता। उनका निधन दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन प्रशासन परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगा। जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों से एक दिन का वेतन जमा करने को कहा, जो बच्चों के नाम पर फिक्स डिपॉजिट (FD) में लगाया जाएगा। साथ ही, स्व. सर्वेश के छोटे भाई को संविदा पर नौकरी देने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी।

परिजनों ने डीएम के आश्वासन पर राहत की सांस ली और कहा कि प्रशासन ने उनकी पीड़ा समझी, यही सबसे बड़ी सांत्वना है। जिलाधिकारी ने स्व. सर्वेश के साफ-सुथरे कार्य रिकॉर्ड की सराहना करते हुए कहा कि वे जिम्मेदार शिक्षक और कर्तव्यनिष्ठ बीएलओ के रूप में हमेशा याद रहेंगे। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनीता और एसडीएम सदर प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे, जिन्होंने परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

स्व. सर्वेश की मौत एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) ड्यूटी के दौरान हुई, जिससे विपक्ष ने दबाव का आरोप लगाया था। लेकिन डीएम ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता सुनिश्चित की। यह पहला मामला नहीं है, यूपी में कई बीएलओ मौतों की खबरें आ चुकी हैं। प्रशासन ने परिवार के साथ एकजुटता दिखाते हुए त्वरित कदम उठाए।

error: Content is protected !!