The Voice of Bareilly since 2010

बोर्ड परीक्षा में नकल हुई तो नपेंगे कक्ष निरीक्षक से लेकर मजिस्ट्रेट तक: डीएम

DM Bareillyबरेली। जिलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने एसबी इन्टर कालेज के सभागार में बोर्ड परीक्षा के केन्द्र व्यवस्थापकों की बैठक कर परीक्षा में किसी भी दशा में नकल नहीं होने देने के निर्देश दिये। कहा कि यदि प्रशासनिक या अन्य किसी स्तर से नकल विहीन परीक्षा में कोई अवरोध पैदा करने का प्रयास या दबाव बनाया जाता है तो सीधे जिलाधिकारी के मोबाइल नम्बर पर सूचित करें। कहीं भी नकल होती मिलने पर परीक्षार्थी के साथ, कक्ष निरीक्षक पर भी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि परीक्षा कक्ष के अन्दर परीक्षार्थी, कक्ष निरीक्षक या अन्य कोई स्टाफ मोबाइल लेकर नहीं जायेगा। परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में कोई बाहरी व्यक्ति नहींे होना चाहिए। केन्द्र में प्रवेश के समय व परीक्षा कक्ष में भी परीक्षार्थी की सघनता से तलाशी हो। कक्ष निरीक्षक चाहेगा तो नकल हो ही नहीं सकती और यह सन्देश कक्ष निरीक्षक को अवश्य दे दें। यदि कहीं नकल होना पाया गया तो परीक्षार्थी के साथ, कक्ष निरीक्षक की भी संलिप्तता मानकर कार्यवाही की जायेगी।

यदि किसी केन्द्र पर कई परीक्षार्थी नकल करते हुए पाये जाते हैं तो वहाॅ पूरी व्यवस्था के व्यक्तियों जिसमें वहाॅ तैनात मजिस्ट्रेट तक की भूमिका संदिग्ध मानते हुए कार्यवाही होगी। जिलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि यूपी की बोर्ड परीक्षा की गुणवत्ता का पहले बड़ा नाम था। आज यहाॅ की शिक्षा व्यवस्था व परीक्षा में भारी गिरावट आयी है जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के बच्चों में शिक्षा की दृष्टि से गुणवत्ता नहीं मिल पा रही है, यह सोचनीय है।

बता दें कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए जनपद में 133 परीक्षा केन्द्र बनाये गए हैं, जिसमें 97802 परीक्षार्थी परीक्षा देंगें। इनमें 55978 परीक्षार्थी हाईस्कूलएवं 41824 परीक्षार्थी इन्टर के हैं। कुल परीक्षार्थियों में 39890 छात्राएं एवं 57912 छात्र परीक्षार्थी हैं। बैठक में परीक्षा केन्द्रों पर न्यूनतम सुविधाओ यथा- शौचालय, पीने के पानी, आवश्यक फर्नीचर आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। बताया गया कि परीक्षार्थियों को जारी होने वाले प्रवेश पत्र में उसके विषय एवं उन विषयों के परीक्षा की तिथियाॅ व समय भी (पेपर स्कीम) उल्लिखित होगा।

error: Content is protected !!