The Voice of Bareilly since 2010

यूपी में हर कीमत पर स्थापित होगा कानून का राज : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रविवार को बरेली में थे। यहां उन्होंने मण्डल में लाॅ एण्ड आर्डर के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान साफ कहा कि प्रदेश में हर कीमत पर कानून का राज स्थापित करना ही उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है। कहा- गुण्डे और माफियाओं की जगह जेल है, वे कहीं भी खुले नहीं घूम पायेंगे।

मुख्यमंत्री योगी विकास भवन में मंडलीय समीक्षा से पहले सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भयमुक्त समाज की स्थापना के लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है। व्यापारी, गरीब, किसान, महिलाओं पर हमला करने वाले अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। कहा कि कानून की राह में जो भी आएगा, उसे उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। गुंडे और माफियाओं की जगह अब सिर्फ जेल है। पूरे प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सख्ती से अभियान चलाया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने मथुरा कांड का जिक्र करते हुए पुलिस की पीठ थपथपाई। कहा कि अपराधियों ने अनहोनी की तो पुलिस ने चार दिन में उनको सबक सिखाकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिये गये हैं। भाजपा नेताओं को कानून का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि जनता का हित सबसे ऊपर है। सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ सरकार उत्तर प्रदेश के उत्थान की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके अच्छे परिणाम जल्द सामने होंगे।

योजना की बैठक में शामिल हों भाजपाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पदाधिकारी विकास कार्यों पर कड़ी नजर रखें। वे विकास योजना की बैठक में शामिल हों। हां, इसके लिए नाम तय कर लिए जाएं। बैठक में केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार, बरेली के प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, डा. प्रमेन्द्र माहेश्वरी सहित बरेली के प्रमुख भाजपा नेता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!