The Voice of Bareilly since 2010

पत्रकारों के साथ अभद्रता व मारपीट के मामले में अखिलेश यादव समेत 21 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

मुरादाबाद। पत्रकारों के साथ मारपीट के मामले में सपा अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित 21 लोगों के खिलाफ पाकबड़ा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इंडियन प्रेस एलाइवनेस एसोशिएशन के अध्यक्ष डॉ. अवधेश पराशर ने मारपीट, बलवा और अन्य धाराओं में मामला दर्ज करवाया है। दूसरी ओर सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने भी दो पत्रकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

एफआईआर में पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि बीती 11 मार्च को मुरादाबाद के हॉलीडे रेजीडेन्सी में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद लॉबी में पत्रकारों ने उनसे कुछ व्यक्तिगत सवाल पूछे। इससे अखिलेश यादव तिलमिला गए और उन्होंने अपने गार्डों और साथियों को पत्रकारों पर हमला करने के लिए उकसाया। इस पर सिक्योरिटी गार्डों और 20 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों को पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। कई पत्रकारों को गंभीर चोटें आई हैं।

 सपा जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने भी पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने एबीपी न्यूज के उबैद उर रहमान, न्यूज 18 के फरीद शम्सी के खिलाफ धारा मामला दर्ज कराया है। 

यह है पूरा मामला

गुरुवार को अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के साथ बदसलूकी करने का मामला सामने आया था। आरोप था कि पत्रकारों को अखिलेश यादव के सुरक्षाकर्मियों ने धक्का देकर जमीन पर गिराया। इस दौरान एक टीवी चैनल का पत्रकार नीचे गिर गया और उसे चोट लग गई थी। मामले पर पत्रकारों का कहना था कि उन्हें सवाल पूछे जाने से भी रोका गया। दूसरी ओर, सपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया था।

error: Content is protected !!