The Voice of Bareilly since 2010

सनसनीखेज : पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी समेत परिवार के पांच लोगों की लाशें घर में मिलीं

एटा में एक ही परिवार के पांच लोग घर में मृत मिले , crime, murder in etah,

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एटा में एक ही परिवार के पांच लोग घर में मृत मिले है। मृतकों में दो मासूम भी शामिल हैं। घटना का पता उस वक्त चला, जब शनिवार की सुबह दूध वाला आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। 

एटा कोतवाली नगर के श्रृंगार नगर में पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी राजेश्वर प्रसाद पचौरी का मकान है। शनिवार सुबह राजेश्वर प्रसाद पचौरी और उनके परिवार के चार लोग घर में मृत मिले। मृतकों में राजेश्वर प्रसाद पचौरी के अलावा उनकी पुत्रवधू दिव्या पचौरी, दिव्या की बहन बुलबुल, आठ साल का बेटा आरुष और एक साल का बेटा आरव शामिल है। 

दिव्या पचौरी का पति दिवाकर पचौरी उत्तराखंड में एक दवा कंपनी में नौकरी करता है। घर पर यही पांच लोग थे। शनिवार की सुबह दूधिया दूध देने पहुंचा, काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, इस पर उसने अंदर झांकर देखा तो वहां शव पड़े थे। एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी सुनील कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। बताया जाता है कि मौके पर ब्लेड और सल्फास की गोलियां मिली हैं। 

एसएसपी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि हत्या या आत्महत्या है, अभी कुछ कहा नहीं आता है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस और फॉरेसिंक टीम घटनास्थल पर छानबीन कर रही है। 

फोटो एवं कंटेण्ट अमर उजाला से साभार

error: Content is protected !!