The Voice of Bareilly since 2010

बदायूं के गांव से लापता हुई चार किशोरियां दिल्ली के पटपड़गंज थाने पहुंची

BareillyLive, बदायूं। दातागंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को चार किशोरियां लापता हो गई थीं, जो मंगलवार को दिल्ली के पटपड़गंज थाने पहुंच गईं। उन्हें लाने के लिए दातागंज कोतवाली की एक टीम रवाना हो गई है।

ज्ञात रहे कि सोमवार दोपहर दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सिमरी वौरा निवासी चार किशोरियां दातागंज से दवा लेने घर से निकली थीं। बताते हैं कि उनमें एक किशोरी का अपने परिवार वालों से विवाद हो गया था। वह अपने घर से चार सहेलियों के साथ दातागंज कस्बे के लिए निकली थी। उनमें एक किशोरी कुछ घंटे बाद लौट आई लेकिन चार किशोरियां शाम तक नहीं लौटीं। इस पर उनके परिवार वाले एक-दूसरे के घर पहुंचे। उन्होंने अपने-अपने परिवार की किशोरियों को तलाश किया। रात नौ बजे तक उनका कुछ पता नहीं चला तो परिवार वाले कोतवाली पहुंचे थे। एक साथ चार किशोरियों के लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।

दातागंज पुलिस ने कस्बे में सीसीटीवी कैमरे खंगाले। उनसे पता चला कि चारों किशोरियां शहर की ओर गईं हैं। इससे पुलिस उनका पीछा करते हुए शहर तक पहुंच गई। यहां भी तमाम सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इसके अलावा लोगों से जानकारी की गई। मंगलवार सुबह पुलिस को पता चला कि चारों किशोरियां दिल्ली पहुंच गईं हैं। जिनको दिल्ली के पटपड़गंज थाना पुलिस ने बैठा लिया है। उन्हें बदायूं लाने के लिए दातागंज पुलिस दिल्ली रवाना हो गई है।

दातागंज इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि चारों किशोरियों का पता चल गया है। वे सकुशल हैं। उन्हें लाने के लिए पुलिस टीम दिल्ली गई है।

error: Content is protected !!