bareillylive@bareillynews:फर्जी बिलों के जरिए बिना माल की आपूर्ति के इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने और ट्रांसफर करने का आरोप
बरेली। बरेली पुलिस की एसआईटी-जीएसटी और थाना भोजीपुरा पुलिस ने फर्जी जीएसटी फर्म के जरिए करीब 2.41 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के कथित फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुताहिर अली (44 वर्ष), निवासी थाना जहानाबाद, पीलीभीत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राज्य कर विभाग की शिकायत पर थाना भोजीपुरा में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान विजन ट्रेडर्स नामक फर्म से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया। आरोप है कि फर्म द्वारा वास्तविक माल की आपूर्ति किए बिना फर्जी बिल तैयार कर इनपुट टैक्स क्रेडिट प्राप्त करने और उसे अन्य फर्मों को हस्तांतरित करने का काम किया जा रहा था।
विभागीय जांच में फर्म अपने पंजीकृत पते पर संचालित नहीं मिली। इसके अलावा जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों की जांच में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है।
मामले की जांच के आधार पर पुलिस ने वांछित आरोपी मुताहिर अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और कथित फर्जी जीएसटी नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।






Leave a Reply