Bareillylive: सम्राट अशोक महान के जन्मोत्सव की तैयारियों के बीच अशोक महान सेवा संघ ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गोविंद सैनी को महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया। यह घोषणा गांधी उद्यान, बरेली में आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से की गई, जिसमें संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सम्राट अशोक महान के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाना था। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 28 मार्च 2026, शनिवार को प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी उनका जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष कुंवर भूपेंद्र मौर्य ने संबोधित करते हुए कहा, गत वर्षों की तर्ज पर इस बार भी सम्राट अशोक महान की जयंती को यादगार बनाने के लिए व्यापक आयोजन किया जाएगा। उनके जीवन और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा संकल्प है।
संस्था के महामंत्री चंद्रपाल सिंह एडवोकेट ने कहा, “सम्राट अशोक महान की जयंती पर उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर केंद्रित एक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कलिंग युद्ध के बाद अहिंसा, धर्म और जनकल्याण के उनके मार्ग को आज के संदर्भ में समझना आवश्यक है।” वहीं, नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष गोविंद सैनी ने कहा, “सम्राट अशोक की शासन व्यवस्था आज भी विश्व स्तर पर प्रासंगिक है। उनके अखंड भारत के सपने को साकार करने और बताए मार्गों पर चलने की आवश्यकता है। मैं इस पद पर संघ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करूंगा।”
बैठक में सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गोविंद सैनी को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आर.के. मौर्य, हरपाल मौर्य, मगनपाल मौर्य, महेंद्र पाल मौर्य, दयाशंकर मौर्य, पप्पू मौर्य, मनोज मौर्य, प्रेम प्रकाश मौर्य आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। संघ के कार्यकर्ता आगामी जन्मोत्सव को यादगार बनाने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।






Leave a Reply