Bareillylive : जिला समारोह समिति और ऑल इंडिया कल्चरल एसोसिएशन – क़ौमी एकता के संयुक्त तत्वाधान में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर दो दिवसीय “31वां रूहेलखण्ड महोत्सव 2025” का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव के प्रथम दिन कवि सम्मेलन/मुशायरे का आयोजन स्थानीय संजय कम्युनिटी हॉल में हुआ, जिसमें उपस्थित श्रोतागण ने कवियों की चुटीली बानियों और उत्कृष्ट रचनाओं का भरपूर आनन्द लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थाध्यक्ष श्री राजीव शर्मा टीटू के उद्बोधन से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में श्री रवि गोयल उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद नेता श्री राजेश अग्रवाल, श्री सखत परवेज़, डॉ. नईम शबाब, श्री खुर्शीद अली, श्री बंटी खान, एवं श्री रंजीत वालिया के साथ अंकुर सक्सेना शामिल थे।
कविगणों ने अपने बेहतरीन काव्य पाठों से महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को याद दिलाया और सभी ने उनके विचारों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। प्रमुख कवियों में डॉ मुकेश मीत, रितेश साहनी, राजबाला धैर्य, रामधनी निर्मल, रामकुमार अफरोज, डॉ राजेश बरेलवी, उमेश त्रिगुणायत और अन्य गणमान्य कवि शामिल थे। उनका प्रस्तुतीकरण श्रोताओं के लिए अत्यंत मनोहर एवं प्रेरणादायक रहा। संयोजन श्री रणधीर प्रसाद गौड़ धीर ने किया, जबकि कार्यक्रम संचालक मनोज दीक्षित टिंकू ने कार्यक्रम का संचालन किया।
महोत्सव के सफल आयोजन में संस्था के सैयद सिराज अली, सुनील धवन, अजय राज शर्मा, कमल श्रीवास्तव, नाहिद बैग, डॉ मनोज मिश्र, एवं अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। मीडिया प्रभारी कमल श्रीवास्तव ने बताया कि कल दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, लोकनृत्य और गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई स्कूलों और कलाकारों की भागीदारी रहेगी। पुरस्कार वितरण समारोह शाम को सम्पन्न होगा।





