The Voice of Bareilly since 2010

बरेली में भी भव्य रामदरबार तैयार, शोभायात्रा निकली, मूर्तियों की प्राणप्रतिष्ठा 10 अप्रैल को

बरेली में भी भव्य राम दरबार तैयार

बरेली : अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए बुनियाद रख दी गई है तो बरेली में एक राम दरबार बनकर तैयार हो गया है। मूर्तियों की प्राणप्रतिष्ठा 10 अप्रैल यानि रविवार को होगी। इसी क्रम में शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में नर-नारियों ने हिस्सा लिया।

नाथनगरी के बाबा अलखनाथ मंदिर से करीब एक किमी दूर पंजाबपुरा स्थित बम भोलानाथ मंदिर परिसर में भव्य राम दरबार का निर्माण कराया गया है। करीब छह माह में बनकर तैयार हुए दरबार में मूर्तियों की प्राणप्रतिष्ठा के लिए दो अप्रैल को कलश स्थापना के साथ अनुष्ठान शुरू हो गए थे। शनिवार को बमभोला नाथ मंदिर से भगवान की शोभायात्रा निकली जो आसपास के कई इलाकों में भ्रमण के बाद मंदिर पर ही आकर ठहर गई। अब रविवार को दरबार में भगवान राम, सीता माता, लक्ष्मण और हनुमान जी की मूर्तियों की विधिवत प्राणप्रतिष्ठा की जाएगी। तत्पश्चात सुंदर कांड होगा और सोमवार से भागवत कथा शुरू हो जाएगी।

राम दरबार का निर्माण बीएसएनएल से अवकाश प्राप्त सुरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने कराया है। अनुष्ठान के लिए वृंदावन से आचार्य रोहितानंद की टोली आई हुई है। इस धार्मिक आयोजन में मधुसूदन तिवारी, सचिन शर्मा, दिवाकर त्रिपाठी, भास्कर त्रिपाठी और मंदिर के महंत शैलेन्द्र दीक्षित चुन्नू महाराज खास योगदान दे रहे हैं।

error: Content is protected !!