The Voice of Bareilly since 2010

बरेली के हस्तशिल्पी और उद्यमी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखायेंगे अपने उत्पादों का हुनर

Bareillylive : उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों से राज्य के परंपरागत उत्पादों, हस्तशिल्प और उद्यमिता को वैश्विक पहचान देने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। इसी क्रम में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का तीसरा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित किया जाएगा। इस ट्रेड शो में पूरे उत्तर प्रदेश से हथकरघे और हस्तशिल्प क्षेत्र के लगभग 120 उद्यमी अपने-अपने उत्पादों का हुनर दिखाएंगे। इनमें बरेली मंडल के 29 उद्यमी भी शामिल हैं, जो अपनी कला और नवीन प्रोडक्ट्स के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मंच पर मंडल की पहचान को और मजबूत करेंगे।

मंडलायुक्त बरेली भूपेंद्र एस. चौधरी ने बताया कि इस बार शो में बरेली से सर्वाधिक 20 उद्यमी भाग ले रहे हैं। इनमें 8 ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) इकाइयाँ, 5 महिला और एमएसएमई उद्यमी, 4 नए निर्यातक और 3 नियमित निर्यातक शामिल हैं। वहीं बदायूँ से 2, पीलीभीत से 6 और शाहजहाँपुर से 1 उद्यमी भी अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने प्रस्तुत करेंगे।

बरेली की जरी-जरदोजी रहेगी आकर्षण का केंद्र

बरेली की पहचान लंबे समय से जरी-जरदोजी कला से रही है। इसे वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों को और बल देने के लिए वासिक (वनाकृति क्राफ्ट, केन एंड बैम्बू), नवाब (नवाब जरी आर्ट), रश्मि (रश्मि जरी आर्ट), शहनाम, शिखा, शालू सक्सेना (कमल ट्रेडर्स), अमित कुमार (अमन एटायर) और आतिफ खान (एस.ए. इंटरनेशनल) अपनी कारीगरी का जलवा बिखेरेंगे। ये कलाकार अपने उत्कृष्ट डिजाइनों और पारंपरिक कला को आधुनिक जरूरतों से जोड़कर पेश करेंगे।

फार्मा और ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स भी आकर्षण का केंद्र

केवल हस्तशिल्प ही नहीं बल्कि आधुनिक उद्योग भी इस शो में अपना प्रभाव छोड़ेंगे। गौरव मित्तल (एरोमैटिक एंड एलाईड – ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स), मनीष जैन (कैल्विन नैचुरल – मिंट), अभिनव (हाइड एंड सूटोर एक्जिम – लेदर प्रोडक्ट्स), संदीप झावर (अंजनी नंदन पैकेजिंग) और हर्षित गोयल (एचएनवी फार्मा – मेडिकल गुड्स) जैसे निर्यातक अपने उत्पादों के साथ अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों का ध्यान आकर्षित करेंगे।

महिला उद्यमियों की अहम भागीदारी

महिला उद्यमियों की भागीदारी बरेली मंडल के गौरव को और बढ़ाएगी। डॉ. सबीना खान (आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स), स्वाति यादव (सिल्क साड़ी), सुरभि सक्सेना (हैंडीक्राफ्ट), अंशी सक्सेना (रेडीमेड गारमेंट्स) और बदायूँ से इशिका सक्सेना (आर्टिफिशियल ज्वैलरी) अपनी इकाइयों के साथ शामिल होंगी। इन महिला उद्यमियों की मौजूदगी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा मिलेगा।

पीलीभीत व शाहजहाँपुर के उद्यमी भी होंगे शामिल

पीलीभीत से शईस्ता बी (वुड कार्विंग), दरख्शा बी (जरी वर्क), खुर्रम आफताब (वुड क्राफ्ट), मीना बेगम (जरी बीड वर्क) और अन्य उद्यमी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। वहीं शाहजहाँपुर से कुमकुम (जरी-जरदोजी) अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी कला की छाप छोड़ेंगी। यह सहभागिता मंडल के विभिन्न जिलों की विविधता और उनकी कला-परंपरा को वैश्विक स्तर तक ले जाने में सहायक होगी।

मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो स्थानीय उद्यमियों और निर्यातकों के लिए वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का एक बड़ा अवसर है। इससे नए निवेश और व्यापारिक संभावनाओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए इसे एक ऐसा मंच बताया जो उनकी कारीगरी और उत्पादों को विश्व बाजार में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला यह शो न केवल उत्तर प्रदेश की ओडीओपी योजना को मजबूती देगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक जरी-जरदोजी, फार्मा, ऑर्गेनिक और अन्य उत्पादों की खास पहचान भी बनाएगा। पांच दिवसीय यह आयोजन प्रदेश की परंपरा और आधुनिकता का संगम बनकर प्रदेश की छवि को वैश्विक बाजार में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

error: Content is protected !!