The Voice of Bareilly since 2010

हिंदू सेना आरएचएस और कायस्थ महासभा ट्रस्ट महिला मोर्चा ने मनाया हरियाली तीज

Bareillylive : सावन का महीना आते ही प्रकृति हरियाली की चादर ओढ़ लेती है और इसी के साथ महिलाओं के सबसे प्रिय त्योहारों में से एक — हरियाली तीज का उल्लास चारों ओर फैल जाता है। यह पर्व महिलाओं के लिए उमंग, उत्साह और पारंपरिक संस्कृति को जीने का अवसर होता है। इसी भावना को साकार करते हुए हिंदू सेना आरएचएस एवं कायस्थ महासभा ट्रस्ट महिला मोर्चा द्वारा बरेली स्थित संगठन कार्यालय पर तीज महोत्सव – 2025 का हर्षोल्लास से आयोजन किया गया।

इस रंगारंग आयोजन में महिला सदस्यों ने पारंपरिक पोशाकों में सजधज कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शुभ मंगल गीतों और पारंपरिक लोकनृत्य से हुई। महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ सावन के गीतों पर नृत्य किया, मेंहदी रचाई और पारंपरिक झूले का आनंद लिया। हरियाली तीज का यह आयोजन संगठन की महिला इकाई के उत्साह का प्रतीक रहा, जिसमें पारंपरिक नारी शक्ति और संस्कृति का जीवंत परिचय मिला।

कार्यक्रम की शोभा बनीं महिलाएं और सखी-सहेलियां, जिन्होंने पारंपरिक गीतों, लोकनृत्य, क्विज प्रतियोगिता, नृत्य प्रस्तुति और फैशन रैम्प वॉक जैसी गतिविधियों में भाग लेकर आयोजन को जीवंतता प्रदान की। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने तीज का भरपूर आनंद लेते हुए आपसी सखीभाव को प्रगाढ़ किया और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे डॉ. अंशू दीपक सक्सेना ‘आरव’, जो हिंदू सेना के अध्यक्ष एवं कायस्थ महासभा ट्रस्ट के युवा प्रदेशाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी महिलाओं को उनके उत्साह और सांस्कृतिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही, संगठन की ओर से आयोजित निःशुल्क ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण अभियान में भाग लेने वाली महिलाओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अभियान के सफल संचालन में जिला महामंत्री प्रदीप सक्सेना का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा।

कार्यक्रम का संयोजन महिला जिला महामंत्री ऋचा सक्सेना ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि संपूर्ण व्यवस्था और निर्देशन का उत्तरदायित्व महिला संगठन अध्यक्ष गौरी सक्सेना ने संभाला। दोनों ने टीमवर्क और समर्पण भाव से आयोजन को सफल बनाया।

कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से उपस्थित महिला सदस्यों में शिवाली श्रीवास्तव, प्रतिभा जौहरी, धीरज सक्सेना, पूजा सक्सेना, पूनम जौहरी, रितु सक्सेना, रजनी सक्सेना, गीता खंडेलवाल, वंदना माहेश्वरी, राधा, सुरभि सक्सेना, अग्रिमा सक्सेना, इशिता श्रीवास्तव, वर्तिका सक्सेना आदि शामिल रहीं। सभी ने एकजुट होकर सभी गतिविधियों में सहभागिता की और सावन के मधुर गीतों पर जमकर थिरकीं।

कार्यक्रम की सफलता पर वरिष्ठ संगठन अध्यक्ष अनुज सक्सेना ने संगठन की महिला मोर्चा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक एकता को बल प्रदान करते हैं।” उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह उत्सव भविष्य में भी समाज में सांस्कृतिक मूल्यों एवं पारंपरिक उत्सवों को मजबूत करता रहेगा।

error: Content is protected !!