The Voice of Bareilly since 2010

इनर व्हील क्लब जुपिटर ने बाल दिवस पर बच्चों को किया सम्मानित, बच्चों ने दीं प्रस्तुति

Bareillylive : इनर व्हील क्लब बरेली जुपिटर द्वारा बाल दिवस के अवसर पर पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन सीएसए पब्लिक स्कूल, श्यामगंज में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन जीत लिया। स्कूल के प्रांगण में वातावरण हर्षोल्लासपूर्ण रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियां शामिल रहीं। बच्चों ने अपने प्रदर्शन से बाल दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता अनिल कुमार एडवोकेट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ इनर व्हील क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट रचना सक्सेना और सदस्य वंदिता शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण का कार्य अनिल कुमार एडवोकेट, रचना सक्सेना और वंदिता शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

विद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्चना जौहरी ने विद्यालय की व्यवस्था एवं कार्यक्रम संचालन को उत्कृष्ट रूप से संपन्न करवाया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बच्चों को प्रेरक संदेश दिया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनिल कुमार एडवोकेट ने अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए बच्चों को अच्छे कार्यों की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ये नन्हे बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और इनका अनुशासित व संस्कारित होना समाज की सच्ची प्रगति का आधार है।

वंदिता शर्मा ने बच्चों को सकारात्मक सोच रखने, अनुशासन बनाए रखने और निस्वार्थ भाव से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट रचना सक्सेना ने स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सीमाजी सहित विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकगण भी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और बाल दिवस के इस विशेष अवसर को यादगार बना दिया।

error: Content is protected !!