The Voice of Bareilly since 2010

झारखंड के राज्यपाल ने दी दिवंगत पार्षद संजय राय को श्रद्धांजलि, परिवार को भरोसा

Bareillylive : झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार शनिवार को बरेली स्थित दिवंगत भाजपा पार्षद संजय राय के निवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और परिवार की कठिन परिस्थितियों में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

राज्यपाल संतोष गंगवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे राय परिवार के घर पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने संजय राय के एक बेटे को नौकरी दिलाने का भरोसा देते हुए आश्वस्त किया कि परिवार को भविष्य में मुश्किलों का सामना अकेले नहीं करना पड़ेगा। इसी क्रम में उन्होंने संजय राय के बड़े भाई पंकज राय की बेटी की स्थिति पर भी गंभीरता दिखाई। बताया गया कि पंकज राय का कुछ साल पूर्व निधन हो गया था और वे आईवीआरआई में कार्यरत थे। उनकी बड़ी बेटी को हाल ही में पति की असमय मौत का दर्द भी सहना पड़ा। ऐसे में जीविकोपार्जन के साधन न होने की जानकारी राज्यपाल के संज्ञान में लाई गई। इस पर संतोष गंगवार ने आश्वासन दिया कि वे उसकी आईवीआरआई में मृतक आश्रित कोटे से नौकरी के लिए पैरवी करेंगे।

दौरे के दौरान राज्यपाल के साथ भाजपा संगठन के कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें उदयभानु कटिहा, टीबरीनाथ मंडल के महामंत्री मनोज सक्सेना, मनोज चौधरी अक्कू, सचिन सक्सेना, पूर्व पार्षद विपुल लाला, कुलदीप सक्सेना और विनीत सक्सेना प्रमुख रूप से शामिल थे।

संजय राय भाजपा के सक्रिय पार्षदों में गिने जाते थे और उनकी असमय मृत्यु से क्षेत्र और पार्टी को गहरा आघात पहुंचा है। राज्यपाल का यह दौरा न केवल परिवार को सहारा देने वाला रहा बल्कि स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच यह संदेश भी गया कि संगठन हर परिस्थितियों में अपने कार्यकर्ताओं व उनके परिवारों के साथ खड़ा है।

error: Content is protected !!