The Voice of Bareilly since 2010

बहेड़ी में धूमधाम से मनाया गया लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी जन्मोत्सव

Lokmata Ahilyabai Holkar tricentenary birth anniversary celebrated, Baheri, #बहेड़ी, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर,

बरेली@BareillyLive. लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी जन्मोत्सव कार्यक्रम रामलीला ग्राउंड बहेड़ी में बड़े भव्य एवं दिव्य स्वरूप में मनाया गया। यहां शोभायात्रा निकाली गयी और फिर जनसभा का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया। उन्होंने लोकमाता के पदचिन्हों का अनुसरण करने की अपील की।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता भारत तिब्बत सहयोग मंच ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम ने युवाओं से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के बताए मार्ग पर चलने की अपील की। कहा कि लोकमाता ने अपना जीवन स्वाभिमान के साथ संघर्ष करते हुए विवेकपूर्ण, न्यायप्रियता, पर्यावरण संरक्षण और धर्मपरायणता के साथ जिया था। उनके राज्य में राह में चलने वाले लोगों के लिए फलदार-छायादार वृक्ष दोनों ओर लगे थे, जगह-जगह पानी पीने के लिए कुएं, पक्षियों के लिए जल और अन्न की व्यवस्था थी।

नागरिकों से उतना ही कर लिया जाता था जितने से जनता को कष्ट ना हो। राजकोष की आय का अधिकांश हिस्सा धार्मिक कार्यों, नगर उन्नति व्यवस्था एवं नव उद्यम के लिए खर्च किया जाता था। न्याय की खातिर उन्होंने अपने बेटे को भी क्षमा नहीं किया। शैलेंद्र विक्रम ने दूर दराज से आए लोगों को संकल्प दिलाया कि 5 जून को सभी लोग लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति में एक वृक्ष अवश्य लगाएंगे।

भव्य शोभायात्रा दोपहर 2ः30 बजे नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए 6 किलोमीटर का काफिला लेकर रामलीला मैदान पहुंची। शोभायात्रा में पाल समाज के कार्यकर्ताओं ने सजी हुई झांकियां मोटर साइकिलों और ट्रैक्टरों के साथ भाग लिया।

उत्तराखंड रुद्रपुर से आये उद्योगपति तेजू बघेल ने युवाओं को उनके हर शुभ कार्य में सहायता का भरोसा दिलाया। स्थानीय व्यवसायी हरीश पाल ने बताया कि ऐसा भव्य आयोजन समाज में नवचेतना का कार्य करेगा।

इसके अतिरिक्त नवाबगंज के विधायक डॉ. एमपी आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय जायसवाल, शेरगढ़ ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी, प्रधान छेद लाल पाल, ललित मोहन पाल, अशोक पाल, प्रभु पाल, दुर्गा प्रसाद पाल आदि ने भी विचार व्यक्त किये।

जनसभा और शोभायात्रा का नेतृत्व हरवंश पाल ने किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार एवं बड़ौदा गुजरात से आए उद्यमी आरके रोडलाइंस के राकेश पाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन लखनऊ से आए अधीक्षण अभियंता डॉ हरेंद्र पाल जी ने किया।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष स्वाति कुमार, एटा से आये डॉ पवन पाल, ओमेंद्र पाल, अरविंद पाल, संजय पाल, भीमसेन पाल, विक्रम पाल, विक्की बघेल, मोहित पाल, समीर पाल समेत समाज के अन्य साथी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!