The Voice of Bareilly since 2010

हिंदू सम्मेलन में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर बोले- भारत स्वाभाविक रूप से हिंदू राष्ट्र

Bareillylive : मणिनाथ नगर की एक बस्ती में श्री बाला जी महाराज हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा आयोजित हिंदू सम्मेलन में मुख्य अतिथि जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 उमाकांतानंद जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म, संस्कृति और समाज के कारण भारत स्वाभाविक रूप से हिंदू राष्ट्र है। उन्होंने सभी हिंदुओं से अपील की कि वे एकजुट होकर राष्ट्र की संस्कृति की सुरक्षा के लिए तत्पर रहें।

भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रारंभ हुए इस सम्मेलन में महामंडलेश्वर जी ने जोर देकर कहा कि सभी हिंदुओं को अपने धर्म-संस्कृति के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहना होगा। उन्होंने देश में रहने वाले हिंदू समाज को मजबूत बताते हुए कहा कि यही समाज भारत को स्वाभाविक हिंदू राष्ट्र बनाता है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं विभाग सेवा प्रमुख डॉ. रवि शरण जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते 100 वर्षों की यात्रा में स्वयंसेवकों ने किसी भी आपदा के समय पूरे मनोयोग से सेवा कार्य किए हैं। विशेष रूप से कोरोना महामारी के दौरान स्वयंसेवकों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना लोगों को हर प्रकार की सहायता पहुंचाई, जिससे समाज में उनकी विशेष पहचान बनी।

सम्मेलन की अध्यक्षता श्रीमान राकेश गुप्ता ने की। मुख्य वक्ताओं में डॉ. रवि शरण जी, मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 उमाकांतानंद जी महामंडलेश्वर (जूना अखाड़ा) और डॉ. वंदना शर्मा जी प्रमुख रहे। कार्यक्रम में नरेश माहेश्वरी, डॉ. राजीव जी, राजीव सिंह जी, अनुज जी, ऋषभ जी, सतीश जी, एमपी सिंह जी तथा सौरभ जी का सक्रिय सहयोग रहा। यह सम्मेलन हिंदू समाज को एकजुट करने और सनातन संस्कृति की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने वाला साबित हुआ। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि समाज राष्ट्रहित में जुटा रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!