The Voice of Bareilly since 2010

साइबर ठगी के शिकार व्यापारी को मिली बड़ी राहत, पुलिस ने लौटाए 5.50 लाख रुपये

बरेलीलाइव@bareillylive:bareillynews:बैंक अधिकारी बनकर ठग ने उड़ाए थे 8 लाख रुपये, शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी

बरेली साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित व्यापारी को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस ने ठगी गई 8 लाख रुपये की राशि में से 5.50 लाख रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए हैं। वहीं, एटीएम के माध्यम से निकाली गई शेष राशि की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस स्थित एलए अपार्टमेंट निवासी व्यापारी नरेशचंद्र सूद ने 18 जून को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया और बैंकिंग सेवा अपडेट करने का झांसा देकर आधार कार्ड, पैन कार्ड, ओटीपी समेत अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनके खाते से 8 लाख रुपये निकाल लिए गए।

शिकायत दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक (अपराध) के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। आई4सी (I4C) पोर्टल, संबंधित बैंकों और अन्य एजेंसियों के सहयोग से मनी ट्रेल का विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप ठगी गई राशि में से 5.50 लाख रुपये सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।

पुलिस ने बताया कि एटीएम के जरिए निकाली गई शेष राशि की बरामदगी के लिए जांच जारी है और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

साइबर पुलिस की अपील

साइबर थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन, बैंक खाता विवरण, आधार या पैन कार्ड की जानकारी साझा न करें। यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!