The Voice of Bareilly since 2010

बरेली: मांझा कारखाने में भीषण विस्फोट, मालिक व पुत्र समेत 3 लोगों की मौत

#बरेली, मांझा कारखाने में भीषण विस्फोट, मालिक व पुत्र समेत 3 लोगों की मौत, Massive explosion in Manjha factory in bareilly,

बरेली@BareillyLive. बरेली के किला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह हुए एक तेज धमाके में 3 लोगों की मौत हो गई। बरेली के थाना किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज की एक गली में स्थित मांझा कारखाने में हुए इस विस्फोट में कारखाना मालिक ने भी दम तोड़ दिया। धमाका इतना तेज था कि आवाज 3 किलोमीटर तक सुनी गई। शवों के चीथड़े उड़ गए। इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि इस इलाके में 8 साल पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी।

बता दें कि बरेली का बाकरगंज क्षेत्र पूरे रुहेलखण्ड परिक्षेत्र में पतंग का मांझा बनाने का सबसे बड़ा केन्द्र है। यहीं की एक तंग गली में अतीक रजा खां का मकान है। मकान के पिछले हिस्से में मांझा बनाने का कारखाना है। शुक्रवार सुबह मांझे को धारदार बनाने के लिए केमिकल बनाया जा रहा था। इसी दौरान तेज धमाका हो गया। कारखाना मालिक अतीक रजा और उसके पुत्र फैजान की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही कारीगर सरताज गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने सरताज को एम्बुलेन्स से अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस को दी थी सिलिंडर फटने सूचना

सीओ द्वितीय संदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाकरगंज के एक मकान में सिलेण्डर फटा है लेकिन जांच में सामने आया कि मकान में मांझा बनाया जा रहा था। ये लोग गंधक और पोटाश को पीसकर एक मिश्रण बनाते थे जिसे मांझे पर चढ़ाया जाता था। इसी मिश्रम को बनाने की प्रक्रिया के दौरान आज बड़ा हादसा हो गया।

पुलिस ने फैक्ट्री से केमिकल के नमूने एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में इसे एक औद्योगिक दुर्घटना बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने भी पहुंचकर घटनास्थल कार निरीक्षण किया।

error: Content is protected !!