The Voice of Bareilly since 2010

Mission Admission : एलएलबी में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 8 सितम्बर से

एलएलबी में प्रवेशबरेली। एलएलबी में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 8 सितम्बर से रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल में होगी। जारी किये गये शिड्यूल के अनुसार इस बार काउंसलिंग बरेली कालेज में प्रवेश के लिए होगी। केजीके मुरादाबाद को बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता की स्थिति स्पष्ट न होने पर विवि प्रशासन काउंसलिंग से बाहर कर दिया है।

विश्वविद्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि केजीके कॉलेज में मान्यता पर बने असमंजस के बीच काउंसलिंग कराकर छात्रों का भविष्य दांव पर नहीं लगा सकता। बता दें कि केजीके कॉलेज मुरादाबाद को अभी तक बार काउंसिल ऑफ इंडिया से लॉ की मान्यता नहीं मिल सकी है। विवि में लॉ की दाखिला प्रक्रिया सिर्फ केजीके कॉलेज की वजह से ही अटकी थी, क्योंकि केजीके कॉलेज ने मान्यता पत्र मिलने के संबंध में विवि से कुछ दिन की मोहलत भी मांगी थी। सोमवार तक मान्यता पत्र उपलब्ध नहीं हो सका। लिहाजा सोमवार को ही विवि प्रशासन ने बरेली कॉलेज में काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है।

ये है शिड्यूल

आठ सितंबर को सुबह 10ः30 बजे काउंसलिंग शुरू होगी। पहले दिन ओपन रैंक एक से 250 तक के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थी एक से 1059 रैंक तक तथा एसटी के सभी अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। नौ अगस्त को ओपन रैंक 251 से 500 रैंक तक के अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल होंगे।

इसके बाद होंगे निजी कॉलेजों में प्रवेश

बरेली कॉलेज की सीट भरने के बाद निजी कॉलेजों में प्रवेश होंगे। विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब जल्द ही लॉ की प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रुविवि के प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. योगेंद्र प्रसाद के अनुसार केजीके कॉलेज मुरादाबाद से मान्यता पत्र नहीं मिला है। इसलिए बरेली कॉलेज की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

error: Content is protected !!