The Voice of Bareilly since 2010

Bareilly: रेलवे ट्रैक किनारे मिला मोर्टार शैल…सेना के बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय

#Bareilly, रेलवे ट्रैक किनारे मिला मोर्टार शैल, Mortar shell found near railway track in Bareilly,

बरेली@BareillyLive. बरेली शहर के सुभाषनगर क्षेत्र में बीती देर रात रेलवे लाइन के किनारे मोर्टार शैल मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना पर तत्काल पुलिस और बम निरोधक दस्ता पहुंचा। पुलिस के अनुसार बम को सेना के विशेषज्ञों द्वारा निष्क्रिय कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

मंगलवार देर रात सुभाषनगर इलाके में मदर्स स्कूल के पास रेलवे ट्रैक किनारे बारिश से मिट्टी का कटान हो गया था। इससे लगा ढेर जेसीबी से हटाया जा रहा था। इसी बीच मिट्टी के नीचे कर्मचारियों को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पहुंचकर देखा तो ये एक सेना के प्रयोग में आने वाला मोर्टार बम जैसा प्रतीत हुआ। इसके बाद सेना और पुलिस का बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। बम निरोधक दस्ते ने इसके एक मोर्टार शैल होने की पुष्टि की। आर्मी के बम निरोधक दस्ते ने मोर्टार को तत्काल निष्क्रिय किया।

खुदाई के दौरान मिला मोर्टार शैल दो फिट लंबा और लगभग 10 किलो वजन का है। इन मोर्टार शैल का इस्तेमालसेना द्वारा किया जाता है।

कहां से जारी हुआ था, जांच की जा रही है : एसएसपी

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सेना से मिली जानकारी के अनुसार ये एक मिसफायर्ड मोर्टार शैल है। जिसको इस्तेमाल के बाद डिस्पोजल के लिए मिट्टी में पहले कभी दबाया गया होगा। उन्होंने बताया कि मिट्टी डाली जा रही थी, तभी ये मोर्टार शैल निकला है। फिलहाल इस बात की जानकारी की जा रही है कि ये कहां से जारी हुआ था।

error: Content is protected !!