The Voice of Bareilly since 2010

वृतोत्सव पत्रिका विमोचन के साथ बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में हुआ नवसंवत्सर स्वागत

Bareillylive : नाथ नगरी के प्राचीनतम एवं भव्यतम बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर परिसर में आज नवसंवत्सर पूजन एवं वृतोत्सव पत्रिका विमोचन का कार्यक्रम श्री रामालय परिसर में धूमधाम से संपन्न हुआ। नववर्ष की पूर्वसंध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने नवसंवत्सर पूजन किया तथा आगामी वर्ष के लिए शुभकामनाएं एवं सकारात्मक निश्चय लिए।

वृतोत्सव पत्रिका विमोचन के मुख्य अतिथि श्री रामचरितमानस कथा मर्मज्ञ पंडित उमाशंकर व्यास, प्रताप चन्द्र सेठ, मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल एवं सुभाष मेहरा रहे। कार्यक्रम में पंडित ईश्वरसरन ने वर्ष फल विस्तार से बताते हुए कहा कि वैदिक सनातन परम्परा के अनुसार हिंदी नववर्ष विक्रम संवत 2083 नवरात्र एवं चैत्र माह की प्रतिपदा तिथि पर आज बृहस्पतिवार 19 मार्च को प्रारम्भ हो रहा है। इस वर्ष का नाम “रौद्र” संवत्सर है, जिसमें राजा गुरु एवं मंत्री मंगल हैं। पंडित जी ने बताया कि वर्ष कुण्डली में लग्न पर चतुर्ग्रही योग बन रहा है, जिससे युद्ध एवं जनहानि की संभावना दृष्टिगत हो रही है, जबकि गुरु राजा होने से धार्मिक आयोजन बढ़ेंगे, कृषि उत्पादन एवं जलवर्षा सुनिश्चित होंगी तथा सनातन धर्म का प्रचार–प्रसार एवं वैभव बढ़ेगा।

वृतोत्सव पत्रिका के अनुसार गुरु राजा एवं मंगल मंत्री के संयोग से सरकार द्वारा सैन्य बल का विस्तार होगा, भारत अधिक शक्तिशाली बनेगा, सीमा पर शत्रु परास्त होंगे, देश में समृद्धि बढ़ेगी, लेकिन आतंकवाद, नक्सलवाद, अग्नि काण्ड एवं आंधी के कारण क्षति की भी संभावना रहेगी। मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि वैदिक विद्वान, ब्राह्मण समाज एवं मंदिर सेवा समिति की गहन मंत्रणा के पश्चात पत्रिका का संकलन प्रतिवर्ष किया जाता है, जिससे वर्ष भर के सभी हिंदू व्रत, त्योहार एवं तिथियों की जानकारी सनातन भक्तों को सुलभ हो जाती है।

पूजन के बाद नवनिर्मित श्री भवानी मंदिर में बड़े भक्तिभाव के साथ कलश स्थापना कर माँ भवानी की महाआरती की गई। भक्तों ने जयकारे एवं भजन–कीर्तन कर माँ का आशीर्वाद लेकर प्रसाद का वितरण किया। नवनिर्मित माँ भवानी मंदिर जयपुरी वास्तुशिल्प पर आधारित है, जिससे अलौकिक सौंदर्य एवं भव्यता का समन्वय दिखाई देता है। मंदिर सेवा समिति के प्रताप चंद्र सेठ, संजीव औतार अग्रवाल, सुभाष मेहरा, हरिओम अग्रवाल, विनय किशन अग्रवाल, ब्रजेश मिश्रा, मानस पंत, नवीन गोयल एवं कृष्णा अग्रवाल आदि सदस्यों के समन्वय में यह सफल कार्यक्रम संचालित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!