The Voice of Bareilly since 2010

Nobel Prize 2020 : अमेरिका के मिल्ग्रॉम और विल्सन को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार

स्टॉकहोम। (Nobel Prize for Economics 2020)अमेरिका के पॉल आर. मिल्ग्रॉम और रॉबर्ट बी. विल्सन को वर्ष 2020 का अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। उन्हें यह पुरस्कार नीलामी सिद्धांत में सुधार और नए नीलामी स्वरूप के आविष्कार के लिए दिया गया है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के महासचिव गोरान हैंसन ने सोमवार को स्टॉकहोम में विजेताओं के नाम की घोषणा की। पुरस्कार के तहत एक स्वर्ण पदक और एक करोड़ स्वीडिश क्रोना (लगभग 8.27 करोड़ रुपये) की धानराशि दी जाती है।

अर्थशास्त्र के क्षेत्र में यह पुरस्कार ऐसे समय दिया जा रहा है जब विश्व कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी की वजह से द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद सर्वाधिक भीषण मंदी का सामना कर रहा है। वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में अर्थशास्त्र के क्षेत्र में दिए जाने वाले इस पुरस्कार को तकनीकी रूप से “स्वीरिजेज रिक्सबैंक प्राइज” कहा जाता है। इस पुरस्कार की शुरुआत 1969 में हुई थी और इसे अब नोबेल पुरस्कारों में से ही एक माना जाता है।

पिछले साल यह पुरस्कार वैश्विक गरीबी को कम करने के प्रयासों के लिए मैसाचुसेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के दो अनुसंधानकर्ताओं और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के एक अनुसंधानकर्ता को संयुक्त रूप से दिया गया था।

error: Content is protected !!