The Voice of Bareilly since 2010

12 दिसंबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह,निमंत्रण कार्ड भी हुआ केसरिया

बरेली :12 दिसंबर को बरेली क्लब ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। नई सरकार के स्वागत में नगर निगम ने बिल्डिंग से लेकर शपथ ग्रहण ग्राउंड तक भगवा रंग कर दिया है। यहां तक प्रोग्राम का निमंत्रण पत्र भी भगवा कर दिया गया है। नगर निगम की छोटी सरकार शपथ लेगी। नवनिर्वाचित मेयर और पार्षद इसमें भाग लेंगे। नगर निगम ने प्रोग्राम की सारी तैयारियां कर ली है। ग्राउंड में मंच तैयार हो रहा है। भाजपा नेता और नगर निगम अधिकारी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

उधर सपा नेता नगर निगम के इस रुख से खफा हैं। उनका कहना है कि नगर निगम अधिकारियों ने नियम कानून ताक पर रख दिए हैं। अधिकारी नगर निगम अधिनियम की गरिमा को भूल गए हैं। उनका कहना है कि भाजपा के इशारे पर नगर निगम अधिकारी सरकारी बिल्डिंग का रंग बदलकर क्या दिखाना चाहते हैं।

नगर निगम बिल्डिंग के बाद अब मेयर हाउस का भी रंग बदलने की तैयारी हो रही है। नवनिर्वाचित मेयर डा. उमेश गौतम के शपथ लेने के बाद उनके मेयर हाउस को सजाने और रंगाई पुताई करने की तैयारी नगर निगम ने कर ली है। मेयर हाउस भी केसरिया होने की तैयारी हो रही है। पहले यह मेयर हाउस सपा के डा. आईएस तोमर को आवंटित था। पार्टी सूत्रों ने बताया कि भगवा सिर्फ मेयर हाउस की बिल्डिंग नहीं बल्कि साइन बोर्ड और कई मंत्रियों के बंगले भी भगवा होंगे।

error: Content is protected !!