The Voice of Bareilly since 2010

बीएलओ की मृत्यु पर पदाधिकारियों ने परिजनों को नौकरी व पत्र जांच की करी मांग

Bareillylive : अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विशारतगंज पहुंचकर बीएलओ विनोद कुमार शर्मा के परिजनों से मुलाकात की। दिवंगत विनोद कुमार के पुत्र शिवांश शर्मा से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद संगठन ने उनकी दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी बरेली से मांग की है कि परिजनों को शीघ्र सरकारी नौकरी दी जाए, बीमा राशि प्रदान की जाए तथा उनके पत्र की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

संगठन का कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही से ऐसा दुखद हादसा हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि कुछ अधिकारियों का यह दावा पूरी तरह गलत है कि विनोद कुमार शर्मा का बीएलओ कार्यकाल समाप्त हो चुका था। वास्तव में न तो एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की समय सीमा खत्म हुई थी और न ही उनके सभी पत्राचार जमा हो चुके थे। दिवंगत बीएलओ ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से आंखों की समस्या का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि आंखों में तकलीफ के कारण उन्हें मोबाइल चलाना मुश्किल होता है, फिर भी ड्यूटी न काटने की गुहार लगाई थी। संगठन ने सवाल उठाया कि इस निवेदन को क्यों नजरअंदाज किया गया?

प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मांग की कि उचित अधिकारी से जांच कराई जाए कि आग्रह के बावजूद ड्यूटी क्यों जारी रही।अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी, मंडल उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव कुमार अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, सदस्य राजन उपाध्याय, रजनीश पाठक तथा संजीव शर्मा शामिल थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि संगठन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने जिला उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय को परिजनों से निरंतर संपर्क रखने, पुत्र को नौकरी दिलाने तथा बीमा राशि सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी। त्रिवेदी ने कहा कि बीएलओ जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे कर्मचारियों की परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

यह घटना मतदाता सूची अद्यतन प्रक्रिया में कार्यरत बीएलओ की दुर्दशा को उजागर करती है। संगठन ने प्रशासन से अपील की कि सभी बीएलओ कर्मियों की स्वास्थ्य समस्याओं पर तुरंत ध्यान दिया जाए। डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया है, जिसका जल्द संज्ञान लेने की उम्मीद है। ब्राह्मण महासभा ने कहा कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक न्याय न मिले। परिजनों ने संगठन के समर्थन पर आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!