Bareillylive : केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केसरपुर बरेली से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अध्यापकों, अभिभाविकों एवं क्षेत्र के निवासियों ने प्रतिभाग किया। सुबह की पावन बेला में वंदे मातरम, हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा, तिरंगा मेरी आन है तिरंगा मेरी जान है जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण गूंज उठा।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, बरेली द्वारा स्वतंत्रता दिवस, हर घर तिरंगा और सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, केसरपुर बरेली
में किया गया है। इस आयोजन की जानकारी से लैस प्रचार वाहन को आज पूर्व सैनिक राम सक्सेना, भारतीय थल सेना और
ग्राम प्रधान प्रेम सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने उत्साह पूर्वक चलती हुई रैली में सम्मिलित होकर मां भारती को समर्पित नारे लगाए।
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी सागर कुमार ने बताया कि प्रचार वाहन के साथ पोस्टर एवं पंपलेट का वितरण किया गया है। जगह-जगह बैनर लगाकर लोगों को सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पर आयोजित होने वाली चित्र प्रदर्शनी देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। दिनांक 16 अगस्त शाम 4:00 बजे तक जारी इस प्रदर्शनी में एंट्री निशुल्क है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 15 और 16 अगस्त को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं आदि आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य राम कृष्णा, विद्यालय के आचार्य -गण, पंचायत सहायक कुणाल, समाजसेवी सचिन शर्मा का सक्रिय सहयोग रहा ।





