The Voice of Bareilly since 2010

नाथनगरी के पंकज हैं अद्भुत कलाकार, नज़रबट्टू में मास्टर जी बनकर जीता दर्शकों का दिल

Bareillylive : डिजिटल दौर में जहां सोशल मीडिया मनोरंजन का सबसे बड़ा मंच बन चुका है, वहीं कुछ कलाकार इसे समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी बना रहे हैं। बरेली के रहने वाले पंकज कुमार मौर्य ऐसे ही प्रतिभाशाली कलाकार हैं, जिन्होंने अपने ‘टेलर मास्टर’ उर्फ ‘मास्टर जी’ के किरदार से लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बना ली है। पंकज कुमार मौर्य इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “नज़र बट्टू भारत” की टीम के साथ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इस टीम के संचालक आमीन खान हैं। लगभग 25 से 30 सदस्यों की यह टीम लेखक, एडिटर, कैमरा मैन, निर्देशक, कलाकार और सहायक स्टाफ के साथ मिलकर समाज के हर छोटे-बड़े मुद्दों को अपने वीडियो के माध्यम से उठाती है।

ग्राम विकास अधिकारी का किरदार बना आकर्षण का केंद्र

इस लोकप्रिय वीडियो सीरीज में “ग्राम विकास अधिकारी” का किरदार दिनेश सिंह निभाते हैं, जो मूल रूप से नोएडा के निवासी हैं। यह किरदार पूरी तरह काल्पनिक है, लेकिन इसकी प्रस्तुति इतनी जीवंत होती है कि दर्शक इसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़कर देखते हैं। दिनेश सिंह की खासियत यह है कि वे केवल ग्राम विकास अधिकारी ही नहीं, बल्कि भुलक्कड़ ‘सर्वेश’ का किरदार भी निभाते हैं। इसके साथ ही वे इन वीडियो के लेखक और निर्देशक भी हैं। लेखन में उनके साथ उमेश राजपूत का महत्वपूर्ण सहयोग रहता है। उमेश राजपूत एक सशक्त अभिनेता और निर्देशक भी हैं, जिनकी रचनात्मकता कंटेंट को और अधिक प्रभावशाली बनाती है।

टेलर मास्टर (पंकज कुमार मौर्य) और सर्वेश (दिनेश सिंह) के बीच की संवाद शैली, देसी अंदाज और कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को खूब गुदगुदाती है। यही वजह है कि यह सीरीज सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रियता हासिल कर रही है।

संघर्ष, रंगमंच और सीख का सफर

पंकज कुमार मौर्य का अभिनय सफर वर्ष 2007 में रंगमंच से शुरू हुआ, जब उन्होंने अपने गुरु विक्रम सिंह के निर्देशन में थिएटर की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद वर्ष 2013 में उन्होंने “दया दृष्टि रंगविनायक रंगमंडल” से जुड़कर अपने अभिनय कौशल को और निखारा। इस दौरान उन्हें कई नामी कलाकारों और निर्देशकों जैसे रंजीत कपूर, हेमा सिंह, तौकीर आलम खान, अश्वत भट्ट और प्रवीन शेखर के साथ काम करने और सीखने का अवसर मिला। वर्ष 2021 में उन्होंने श्रीकांत विश्वकर्मा के निर्देशन में कैमरा अभिनय की शुरुआत की और दो फीचर फिल्मों में अभिनय किया, जो जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होंगी। इसी क्रम में निर्देशक मुकेश आर्य के निर्देशन में बनी फीचर फिल्म “1000 K.M. (हज़ार किलोमीटर)” में भी उन्होंने काम किया। यह फिल्म वर्ष 2021 की त्रासदी के दौरान बिहार लौटते मजदूरों के पलायन पर आधारित है और दिल्ली फिल्म फेस्टिवल, जागरण फिल्म फेस्टिवल मुंबई तथा लोटस फिल्म फेस्टिवल (चीन) में प्रदर्शित की जा चुकी है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिली नई पहचान

वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात लेखक-निर्देशक विकास अरोरा से हुई, जिनके साथ उन्होंने “चुल्ल फिल्म्स” यूट्यूब चैनल के लिए कार्य किया। हाल ही में 6 मार्च को विकास अरोरा के निर्देशन में बनी फिल्म “ना जाने कौन आ गया” भी रिलीज हुई है। वर्ष 2023 में पंकज “नज़र बट्टू” प्लेटफॉर्म से जुड़े, जहां “सुपर पियून सिंघानिया” जैसे किरदारों से उन्हें पहचान मिली। इसके बाद वर्ष 2025 से वे “नज़र बट्टू भारत” के साथ सक्रिय हैं, जहां ‘मास्टर जी’ का किरदार उनकी पहचान बन चुका है। आज हालात यह हैं कि लोग उन्हें उनके असली नाम से कम और ‘मास्टर जी’ के नाम से अधिक जानते हैं।

परिवार बना मजबूत आधार

पंकज अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को देते हैं। उनके पिता मेंघराज मौर्य और माता राजकुमारी मौर्य ने हर कठिन परिस्थिति में उनका साथ दिया। छोटे भाई शिवम मौर्य और अंकुश मौर्य परिवार की जिम्मेदारियां संभालते हैं, जिससे पंकज अपने करियर पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। उनकी पत्नी जूही गुप्ता भी हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहती हैं और उनके शूटिंग के दौरान घर-परिवार व बेटे अविघ्न का पूरा ध्यान रखती हैं

नई पीढ़ी को दे रहे मंच और मार्गदर्शन

वर्तमान में पंकज अपने मित्र, लेखक और निर्देशक लव तोमर के थिएटर ग्रुप Dramadropouts Bareilly के साथ सक्रिय रूप से रंगमंच कर रहे हैं। साथ ही वे बरेली सहित अन्य शहरों के स्कूलों और कॉलेजों में अभिनय की कक्षाएं भी लेते हैं, जिससे युवाओं को अभिनय और थिएटर के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत उपस्थिति है—फेसबुक व इंस्टाग्राम पर “Pankaj Kumar Maurya (Master Ji)” व यूट्यूब पर “Pankaj The Sootrdhar” नामक चैनल है, पंकज पिछले कई वर्षो से बरेली के Windmare Theater में रंग विनायक रंग मंडल के द्वारा चलने वाली संगीतमय रामलीला में सूत्रधार का किरदार भी करते हैं 4-5 दिन तक प्रतिदिन होने वाली य़ह रामलीला अत्यंत रोचक होती है।

मनोरंजन के साथ जागरूकता

पंकज कुमार मौर्य और उनकी टीम का स्पष्ट उद्देश्य है कि लोग उनके वीडियो देखकर केवल मनोरंजन ही न लें, बल्कि समाज के मुद्दों को समझें और जागरूक बनें। उनके वीडियो में शिक्षा, स्वच्छता, भ्रष्टाचार, सरकारी योजनाएं और सामाजिक कुरीतियों जैसे विषयों को हास्य के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाता है। आज के समय में, जब सोशल मीडिया पर निरर्थक सामग्री की भरमार है, ऐसे में “नज़र बट्टू भारत” और पंकज कुमार मौर्य जैसे कलाकार समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायक प्रयास कर रहे हैं।

साभार : सुमित शर्मा पत्रकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!