The Voice of Bareilly since 2010

आंवला में बोले उमेश गौतम- बच्चों को खेलने के लिए प्रेरित करें अभिभावक

स्वच्छ भारत क्रिकेट टूर्नामेण्टआंवला। खेलों से बच्चों का मानसिक व शारीरिक विकास होता है। खिलाड़ी अपना रोजगार स्वयं ढूंढ लेते है। इसलिए अभिभावक अपने बच्चों के अन्दर के खिलाड़ी को पहचाने और उन्हें खेलने के लिए प्रोत्साहित करें। यह बात बरेली के मेयर उमेश गौतम ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कही। वह यहां श्री सुभाष इण्टर कालेज के मैदान पर स्वच्छ भारत क्रिकेट टूर्नामेण्ट का शुभारम्भ करने आये थे।

इस टूर्नामेण्ट का आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष संजीव सक्सेना के विशेष सहयोग से किया जा रहा है। उमेश गौतम ने कहा कि क्रिकेट, फुटवाल, वालीवाल और राजनीति में जितने भी बडे़ नाम हैं, अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों से ही आये हैं। अब गांव शहर से दूर नहीं रह गए है। प्रतिभाओं को उचित मंच व मार्गदर्शन की आवश्यकता है।

एक-दो वर्षों में बरेली में ही मिलेंगे पर्याप्त रोजगार

उन्होंने पालिका द्वारा आंवला में मिनी स्टेडियम बनाने की पहल में हरसम्भव सहयोग दिये जाने की बात कही। बरेली में स्मार्ट सिटी बनाए जाने के सवाल पर कहा कि आंवला में सर्वप्रथम जनता का जागरूक करने की आवश्यकता है तथा नगर को साफ-स्वच्छ बनाकर अतिक्रमण मुक्त किया जाए। उन्होंने अपनी यूनीवर्सिटी में खिलाड़ियों को 15 प्रतिशत कोटे की बात कही। श्री गौतम ने कहा कि पिछले दिनों हुए हुए इन्वेस्टर समिट में बरेली की रबर फैक्ट्री को ध्यान में रखते हुए कई प्रोजेक्ट फाइनल हुए हैं। एक-दो वर्षों में बरेली के युवाओं को रोजगार की तलाश में बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। बरेली में ही पर्याप्त मात्रा मे रोजगार के अवसर मिलेंगे।

इस दौरान चेयरमैन संजीव सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष रवीन्द्र सिंह राठौर, सुधीश पाण्डेय, रामनिवास मौर्य, वीर सिंह पाल, इन्द्रभान सिंह, मनोज मौर्य, दुर्गेश सक्सेना, राजेश विक्रम, संतोष पाण्डेय, संतोष गौड़, उषा सतीजा, रामवीर प्रजापति आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!