The Voice of Bareilly since 2010

रिद्धिमा के पांचवें स्थापना दिवस पर फोटोग्राफी और पेंटिंग प्रदर्शनी के प्रतिभागी पुरस्कृत

Bareillylive : पांचवें स्थापना दिवस आठ फरवरी पर रिद्धिमा में एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक व चेयरमैन देवमूर्ति जी ने प्रेरणास्रोत स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व मंत्री समाजसेवी श्रीराम मूर्ति जी को याद किया। उन्होंने कहा कि आज बाबू जी की 116वीं जयंती है। उनकी याद में स्थापित रिद्धिमा के विभिन्न कोर्स में 5 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक के विद्यार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं। अब तक यहां सभी विधाओं में एक हजार से ज्यादा विद्यार्थी प्रशिक्षण ले चुके हैं। कला जगत में रिद्धिमा ने कम समय में अपना अलग मुकाम बना लिया है। यह सब आप सभी कलाप्रेमियों के विश्वास की बदौलत ही संभव हुआ है।

पांचवें स्थापना दिवस पर रविवार को कानपुर विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति डा. नीलिमा गुप्ता जी ने फाइन आर्ट्स की ओर से आयोजित पेंटिंग वर्कशाप द गोल्डन स्ट्रोक और विजुअल आर्ट्स की तरफ से लगाई फोटोग्राफी प्रदर्शनी नजरिया का उद्घाटन किया। सभी ने प्रदर्शित पेंटिंग की सराहना की।

गोल्डन स्ट्रोक प्रदर्शनी में सोनिया कोहली और नजरिया प्रदर्शनी में हर्षित को पहला स्थान मिला। इनके साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर चुने गए प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। स्थापना दिवस पर रिद्धिमा के विद्यार्थियों को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। इससे पहले मां शारदे की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम आरंभ हुआ।

गायन गुरुओं ने सरस्वती वन्दना और संस्थान गीत को अपनी आवाज दी। कथक के गुरुओं के साथ विद्यार्थियों ने समर्पण के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कथक और भरतनाट्यम के गुरुओं और शिष्यों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। थिएटर गुरु विनायक श्रीवास्तव और उनके विद्यार्थियों ने हास्य नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। इंस्ट्रूमेंट, वोकल, पेंटिंग और फोटोग्राफी प्रदर्शनी नजरिया को सभी दर्शकों ने सराहा।

स्थापना दिवस कार्यक्रम का संचालन डा. अनुज कुमार ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया और पिछले वर्ष में हासिल रिद्धिमा की उपलब्धियों की भी जानकारी दी। स्थापना दिवस समारोह में आदित्य मूर्ति जी, आशा मूर्ति जी, ऋचा मूर्ति जी, देविशा मूर्ति जी, उषा गुप्ता, डा. रजनी अग्रवाल, एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डा. एमएस बुटोला, डा.प्रभाकर गुप्ता, डा.शैलेश सक्सेना, डा. जसप्रीत कौर, डा. रीटा शर्मा, डा. आशीष कुमार, अजीत सक्सेना, विनीत वर्मा, सहित शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!