The Voice of Bareilly since 2010

पूर्वाेत्तर रेलवे, इज्जतनगर मण्डल में लगी पेंशन अदालत, परिवादों का हुआ निपटारा

BareillyLive : रेल प्रबन्धक सुश्री रेखा यादव की अध्यक्षता में पूर्वाेत्तर रेलवे, इज्जतनगर मण्डल में सेवानिवृत्त कर्मचारियों/आश्रितों की पेंशनीय लाभ सम्बंधी शिकायतों के निपटारे के लिए ’’पेंशन अदालत’’ का आयोजन मंडल कार्यालय के सभागार में किया गया। पेंशन अदालत में मंडल के कुल 51 पेंशन संबंधी परिवाद पंजीकृत हुए जिसमें पेंशनरों/ आश्रितों को व्यक्तिगत रूप से सुनवाई का अवसर प्रदान कर सभी परिवादों का तत्काल निपटारा किया गया तथा उन्हीं में से 06 पेंशनरों/आश्रितों को संशोधित पी.पी.ओ दिए गए तथा 04 पेंशनरों के बकाये का भुगतान किया गया। ‘‘पेंशन अदालत 2022‘‘ का संचालन वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी श्री सनत जैन ने किया। पेंशन अदालत की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक सुश्री रेखा यादव ने पेंशन अदालत आयोजन के महत्व एवं उपयोगिता पर चर्चा करते हुए बताया कि रेल प्रशासन अपने सम्मानित पेंशनरों की समस्याओं के निस्तारण के लिए कटिबद्ध है। उन्होने मंडल के कार्मिक एवं लेखा विभाग द्वारा पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु मुक्त कंठ से प्रशंसा की तथा पेंशनर एसोसिएशन के सकारात्मक योगदान को भी सराहा। इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल वित्त प्रबन्धक श्री रत्नेश कुमार सिंह, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी श्री प्रमोद भारती एवं सत्य नरायण उराँव सहित एन.ई.रेलवे. मजदूर यूनियन (नरमू), ओबीसी/एस.सी.-एस.टी, पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!