The Voice of Bareilly since 2010

पुलिस को आंवला पालिका चेयरमैन और सभासदों से शांतिभंग का खतरा, कोतवाल का हुआ घेराव

Bareilly News, Aonla

आंवला (बरेली)। पुलिस को कल मोहर्रम के चलते नगर पालिकाध्यक्ष और पालिका सदस्यों के साथ ही महिला सदस्यों के पतियों से शांति भंग का खतरा महसूस हो रहा है। इसलिए पुलिस ने इन सभी के खिलाफ धारा 107/116़ के तहत कार्यवाही की है। इससे नगर पालिका बोर्ड में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार शाम को पालिकाध्यक्ष और सदस्यों ने कोतवाल का घेराव कर कार्यवाही निरस्त करने की मांग की है।

बता दें कि सभी धर्मों के त्यौहारों को सौहार्द्रपूर्वक व शांति के साथ मनाने के लिए पुलिस प्रशासन भरसक प्रयास करता है। संवेदनशील स्थानों पर शांतिभंग न हो इसके लिए आवश्यक कानूनी कार्यवाही भी करता है। मोहर्रम के त्यौहार व गणेश विसर्जन के कार्यक्रमों को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा नगर पालिका चेयरमैन व पालिका सदस्यों व महिला सदस्यों के पतियों पर 107/116 के तहत कार्यवाही कर दी।

Bareilly News, Aonla

इस मामले में पालिका चेयरमैन संजीव सक्सेना ने कहा कि एक ओर तो पुलिस प्रशासन हमें पीस कमेटी की बैठक में बुलाकर नगर में सौहार्द्रपूर्ण तरीके से त्यौहारों को मनाए जाने की बात करता है। वहीं हम सब के खिलाफ ही ऐसी कार्यवाही करता है, जो कि सरासर गलत है। हमने इस कार्यवाही को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

नगर में चर्चा है कि चेयरमैन संजीव सक्सेना के आवास के बाहर गणेश प्रतिमा की स्थापना व विर्सजन के कार्यक्रम हुए थे। विर्सजन को जाते समय बिना परमीशन के विसर्जन यात्रा निकाली गई जिसमें पालिका के अधिकांश सदस्य भी शामिल थे। यह यात्रा एक ऐसे स्थान पर पहुंची जहां मोहर्रम का कार्यक्रम चल रहा था। यात्रा में रंग, अबीर, गुलाल आदि उड़ाया जा रहा था। हालांकि यात्रा सकुशल सम्पन्न हो गई लेकिन पुलिस प्रशासन ने यह कार्यवाही की।

error: Content is protected !!