बरेलीः स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 86वीं शिव जयन्ती पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय बरेली द्वारा चौपला केन्द्र से एक शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों पर निकाली गयी। इसे संस्था की क्षेत्रीय संचालक राज योगिनी ब्रह्माकुमारी पार्वती बहन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पूर्व केन्द्र पर परमपिता परमात्मा शिव का ध्वज़ भी फहराया गया। शोभायात्रा का कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा का समापन राजेन्द्र नगर स्थित अवध होटल पर हुआ। इसके उपरांत भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन नगर विधायक डॉ अरुण कुमार, सभासद सतीश कातिब एवं होटल के स्वामी कलानिधि द्वारा किया गया।

संस्था की सदस्य ब्रह्माकुमारी नीता दीदी ने शिव जयन्ती का आध्यात्मिक रहस्य एवं महत्व विस्तार से बताया और कहा कि आज मानव तमाम तरह की समस्याओं और तनावपूर्ण जीवन से गुज़र रहा है। इस कारण उसके चेहरे की असली मुस्कान कहीं खो गयी है और वह नाना प्रकार बीमारियों से भी ग्रस्त हो रहा है। जीवन को तनाव मुक्त बनाने का एकमात्र उपाय सहज़ राजयोग एवं आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करना ही है। ब्रह्माकुमारी पारुल ने आज़ादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रम की जानकारी दी और इसमें प्रतिभागी बनने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये। अंत में रजनी बहन ने आभार व्यक्त किया।