The Voice of Bareilly since 2010

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर घोष वादन कर राष्ट्रीय एकता का उद्घोष

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर घोष वादन 1

बरेली : महाशिवरात्रि महापर्व की पूर्व संध्या पर आज सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शिवनाद कार्यक्रम के अंतर्गत बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर प्रांगण में घोष वादन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात संघ के 40 स्वयंसेवकों ने 14 रचनाओं की प्रस्तुति दी। ये सभी रचनाएं शास्त्रीय रागों पर आधारित थीं जिनमें शिवरंजनी किरण, उदय भू, निर्भय चेतक, राजहंस ध्वनि, भूप राग आदि प्रमुख थे। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं दर्शकों ने तन्मयता से सुना और आनंद लिया।

इस अवसर पर प्रांत सह कार्यवाहक राजपाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को एक साथ मिलाकर गतिमान करने का काम संघ बरसों से कर रहा है। उसी क्रम में यह घोष वादन सभी कुरीतियों से मुक्त करा कर हमें आनंदमय हृदय से राष्ट्र आराधना करने को प्रेरित करता है। विभाग प्रचारक ओमवीर ने संघ और घोष का संबंध उल्लेखित किया और बताया कि संघ व्यक्ति और समाज को जोड़ता है जबकि घोष मन और आत्मा को।

इस कार्यक्रम में त्रिवटी नाथ मंदिर ट्रस्ट के संजीव औतार अग्रवाल, केसीएमटी के चेयरमैन विनय खंडेलवाल एवं विभाग संघचालक केसी गुप्ता मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन महानगर प्रचारक विक्रांत द्वारा किया गया। घोष वादन में यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर, शहर के वरिष्ठ डॉक्टर व तमाम ऐसे स्वयंसेवक रहे जिन्होंने घोष वादन किया। कार्यक्रम में प्रमुखता से महानगर कार्यवाहक विमल कुमार, शारीरिक प्रमुख/विशेष भारत संपर्क प्रमुख डॉ विवेक मिश्रा, महानगर व्यवस्था में प्रमुख विवेक अग्रवाल, मोहित आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महानगर प्रचार प्रमुख आलोक प्रकाश ने किया।

error: Content is protected !!