The Voice of Bareilly since 2010

पुनीत सागर अभियान : एनसीसी 21वीं बटालियन के कैडेट्स ने की रामगंगा तट पर साफ-सफाई

पुनीत सागर अभियान 1

बरेली : नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) द्वारा चलाए जा रहे पुनीत सागर अभियान के अंतर्गत 21वीं बटालियन के कैडेटों ने रविवार को रामगंगा नदी पुल के नीचे और आसपास सफाई अभियान चलाया। साथ ही क्षेत्रवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

21वीं बटालियन के कमांडिंग आफिसर कर्नल अमन नेगी एवं एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु दीक्षित के नेतृत्व में रविवार को पुनीत सागर अभियान की शुरुआत की गई। इस स्वच्छता अभियान में विभिन्न कॉलेजों के लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में पूर्व एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। बरेली से सभी कैडेट्स प्रातः करीब 9 बजे रामगंगा तट पर पहुंचे और एनसीसी अधिकारियों के दिशा निर्देशन में अभियान चलाते हुए नदी किनारे फैले कचरे को एकत्र किया, साथ ही आसपास के क्षेत्रवासियों को नदी को स्वच्छ बनाए रखने तथा प्लास्टिक व अन्य गंदगी नदी में नहीं डालने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रवासियों ने एनसीसी के इस अभियान की प्रशंसा की।

इससे पहले कर्नल अमन नेगी एवं लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु दीक्षित ने पुनीत सागर अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संपूर्ण भारत के समुद्र के किनारे तथा नदियों के सतत संरक्षण एवं साफ-सफाई तथा प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर उसे पुनरावर्तित (रीसाइकिल) करना है। एकत्र किए गए प्लास्टिक कचरे को कचरा निस्तारण करने वाली संस्थाओं को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी चलता रहेगा। विभिन्न माध्यमों से अन्य स्थानों पर भी स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर कैडेट्स को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

एनसीसी के इस अभियान में लेफ्टिनेंट मुशाहिद रजा, सूबेदार पुरुषोत्तम लाल, सूबेदार सुनील छेत्री, बीएचएम आशु खत्री, सीएचएम राकेश नायक दत्त एवं हवलदार अरुण कुमार आदि शामिल रहे।

error: Content is protected !!