Bareillylive : इज्जतनगर थाना क्षेत्र के वीरसावर नगर बग्गा ग्राउंड में आज गौवंश के अबशेष मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों और विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अवशेष कुत्तों द्वारा नोचे जा रहे थे, जिससे घटना की पुष्टि हुई। तत्काल 112 नंबर पर सूचना देकर गौवंश का अंतिम संस्कार करवाया गया।
घटना के बाद विश्व हिंदू महासंघ के सदस्यों ने थाना इज्जतनगर पहुंचकर हल्का इंचार्ज एसआई मुनेन्द्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में मनोज दास, सचिन एस मक्कड़ सहित क्षेत्रवासी शामिल थे। ज्ञापन में गौहत्या की सख्त जांच, दोषी पर कार्रवाई और क्षेत्र में गौरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। एसआई मुनेन्द्र कुमार ने आश्वासन दिया कि डेयरी वालों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा, “डेरी वाले गोबर के साथ पॉलिथीन फेंक जाते हैं, लेकिन यदि क्रूरता साबित हुई तो पशु क्रूरता अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज होगा। गौकशी का मामला पुष्ट होने पर कड़ी सजा सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यकर्ताओं ने सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। थाना इज्जतनगर में गौकशी की शिकायतें सबसे अधिक दर्ज होती हैं, जिससे पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठे हैं। थाना इंचार्ज को भी सूचित कर दिया गया है। विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई न हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।बरेली में गौहत्या के मामले बढ़ रहे हैं, जो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। पिछले एक वर्ष में इज्जतनगर क्षेत्र में दर्जनों ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
गौरक्षक संगठन दावा करते हैं कि डेयरी माफिया और अवैध व्यापारी जिम्मेदार हैं। प्रशासन ने गौशालाओं को मजबूत करने और निगरानी बढ़ाने का वादा किया है, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन कमजोर है। स्थानीय निवासियों ने अपील की कि गौवंश सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और नियमित गश्त हो। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, परिणाम की प्रतीक्षा है। गौभक्त समुदाय ने एकजुट होकर निगरानी करने का संकल्प भी लिया है।






Leave a Reply