Bareillylive : सीबी गंज की निवासी श्रीमती रेनू मंगतानी ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 में उत्तर प्रदेश की वाइस कैप्टन बनकर शहर, राज्य और परिवार का नाम रोशन किया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के स्वप्न को साकार करने वाली इस मुहिम में पूरे देश से 50 लाख युवाओं ने शुरुआती दौर में बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी के जरिए पंजीकरण कराया। इनमें से चयनित प्रतिभागियों को दिए गए टॉपिक पर निबंध लिखना था। रेनू ने राज्य स्तर पर निबंध लेखन में पुरुस्कार हासिल कर राष्ट्रीय मंच तक पहुंच बनाई।
राज्य स्तर की निबंध प्रतियोगिता का परिणाम 12 दिसंबर 2025 को लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रेजेंटेशन और इंटरव्यू के आधार पर घोषित हुआ। रेनू ने टीम-2 के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने का सुनहरा अवसर प्राप्त किया। उनका निबंध विषय था “आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया मेक फॉर द वर्ल्ड”। इस माध्यम से उन्होंने “विकसित भारत 2047” पर अपने प्रभावशाली विचार राष्ट्रीय मंच से भारत सरकार तक पहुंचाए। संपूर्ण प्रतियोगिता में 50 लाख प्रतिभागियों में से मात्र 3 हजार युवा विजेता अंतिम चरण तक पहुंचे।
रेनू की विजय यात्रा 6 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू होकर दिल्ली के भारत मंडपम पहुंची और 13 जनवरी को लखनऊ में समाप्त हुई। इस 9 दिवसीय सफर के दौरान 7 जनवरी को सभी प्रतिभागियों ने राजभवन में माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से भेंट की। रेनू ने उन्हें गुलाब का पुष्प भेंट कर आभार व्यक्त किया और सहभोज ग्रहण किया। राज्यपाल ने सभी को गुड लक कहकर भारत मंडपम के लिए रवाना किया।
10 जनवरी को प्रतिभागी केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और भारतीय सेना के गणमान्य सदस्यों से मिले। रेनू ने इस अवसर पर अपनी स्वलिखित दो पुस्तकें भेंट कीं – “मोबाइल एडिक्शन (21 सिम्पल टेक्नीक्स टू रिमूव/रिड्यूस मोबाइल एडिक्शन इन चिल्ड्रन/स्टूडेंट्स एंड एडल्ट्स)” तथा “वुमेन एम्पावरमेंट एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट्स (एंथोलॉजी ऑफ 51 को-ऑथर्स)”। राजनाथ सिंह ने कहा, “भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में युवा ही मुख्य प्रेरक शक्ति है।” उन्होंने सभी को स्मृति चिन्ह देकर शुभकामनाएं दीं।
12 जनवरी को 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रत्यक्ष भेंट का अवसर मिला। उन्होंने इस मुहिम के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान भारत मंडपम में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल, केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्री मनसुख मांडविया, रक्षा निखिल खडसे सहित कई मंत्रियों, सेना अधिकारियों और इसरो वैज्ञानिकों से भेंट हुई। इन विद्वानों ने 3 हजार विजयी युवाओं को संबोधित कर ‘विकसित भारत 2047’ के वॉलंटियर की संज्ञा दी और देश के प्रति कर्तव्यों से अवगत कराया।
यह प्रतियोगिता केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय द्वारा आयोजित की गई, जो आजादी के स्वर्ण जयंती वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को युवाओं के विचारों, सुझावों और प्रस्तावों से जोड़ती है। रेनू ने शहर, राज्य और देश के सभी युवाओं से ‘माई भारत’ पोर्टल पर जुड़ने और इस अभियान में भाग लेने की अपील की।
रेनू मंगतानी विवाह पूर्व मुंबई की एक बैंक में कार्यरत थीं। प्रेमविवाह के बाद उन्होंने नौकरी त्यागकर लेखन को अपनाया। मुंबई राजभवन में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी से ‘यूथ आइकॉन’ अवार्ड प्राप्त कर चुकीं रेनू के पति अभिषेक चित्रांश अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंकज्योतिष विशेषज्ञ, लेखक एवं सलाहकार हैं। रेनू ने अपनी सफलता का श्रेय पति, ससुराल पक्ष और परिवार के समर्थन को दिया।







Leave a Reply