The Voice of Bareilly since 2010

भविष्य का भारत : मोहन भागवत बरेली में 19 को समझायेंगे RSS का दृष्टिकोण

मोहन भागवत बरेली में 19 को

बरेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत पहली बार 18 जनवरी को बरेली पहुंचेंगे। वह 19 जनवरी को बरेली के रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर में व्याख्यान देंगे। यहां मोहन भागवत भविष्य का भारत कैसा हो, इस पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के दृष्टिकोण को लोगों के समक्ष स्पष्ट करेंगे। व्याख्यान का विषय ‘‘भविष्य का भारत : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दृष्टिकोण’’ रखा गया है। यह जानकारी शनिवार को यहां आईएमए हाल में आयोजित एक प्रेसवार्ता में विभाग संघचालक सीए केसी गुप्ता ने दी।

विभाग संघचालक सीए केसी गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूज्य सर संघचालक मोहन जी भागवत प्रथम बार नाथ नगरी बरेली की धरती पर पधार रहे हैं। बताया कि सरसंघ चालक 18 जनवरी की शाम को बरेली पहुंचेंगे तथा यहां पर दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पहला कार्यक्रम 19 जनवरी को नागरिकों के लिए है। यह आयोजन रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परिसर में होगा। इसमें नगर तथा क्षेत्र के लगभग एक हजार प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में सुबह ठीक सवा दस बजे शुरू हो जाएगा और सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ठीक दस बजकर 45 मिनट पर मंच पर आ जायेंगे। इसके उपरान्त किसी भी आगन्तुक अतिथि को प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा।

विभाग संघचालक ने बताया कि डॉ. मोहन भागवत के महत्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से समस्त अतिथियों के लिए बारकोड प्रणाली आधारित कार्ड जारी किया गया है। समस्त अतिथि अपने कार्ड को साथ लेकर ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें। कार्यक्रम स्थल पर संघ साहित्य की बिक्री का केंद्र भी लगाया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार से जुड़ी विभिन्न पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 18 जनवरी की शाम को बरेली पहुंचेंगे तथा डोहरा रोड स्थित जीआरएम स्कूल के परिसर में रात्रि विश्राम करेंगे। यहां संघ की ओर से एक अभिभावक वर्ग का आयोजन किया गया है, जोकि सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा। परम पूज्य सरसंघ चालक जी यहां सुबह शाखा में भी हिस्सा लेंगे तथा वर्ग को भी सम्बोधित करेंगे।

विभाग कार्यवाह सुरेश जी ने स्पष्ट किया कि जब हम यहां पर अभिभावक शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं तब यह अभिभावक स्कूली बच्चों के अभिभावक नहीं हैं। संघ दृष्टि से जो कि भविष्यकालीन कार्यकर्ता हैं जिनकी आयु 18 से 24 तथा 25 से 35 वर्ष की है, ऐसे दस दस कार्यकर्ताओं को एक-एक अभिभावक का सानिध्य दिया गया है। यह वर्ग ऐसे ही अभिभावक कार्यकर्तोओं का वर्ग है, जिसमें बृज प्रांत के समस्त जिला एवं विभाग प्रचारक एवं विस्तारक भी उपस्थित रहेंगे। जीआरएम स्कूल परिसर में होने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में अपेक्षित कार्यकर्ताओं के अतरिक्त सभी का प्रवेश वर्जित रहेगा।

प्रेस वार्ता में विभाग संघ चालक सीए केसी गुप्ता, विभाग कार्यवाह सुरेश, महानगर संपर्क प्रमुख डा विवेक मिश्रा और महानगर प्रचार प्रमुख आलोक प्रकाश उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!