Bareillylive : संकल्प संस्था ने अपने 5वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों को शैक्षणिक बैग वितरित किए गए। इस अवसर की शोभा बढ़ाने हेतु माननीय महापौर श्री उमेश गौतम जी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने संकल्प संस्था द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के हित में निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रही संकल्प जैसी संस्थाएँ वास्तव में परिवर्तन की वाहक हैं तथा भविष्य में जब भी संस्था को किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, वे सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में संकल्प की ट्रस्टी श्रीमती बाबिता गोयल, श्रीमती ईशा अग्रवाल, श्रीमती आंचल अग्रवाल एवं श्रीमती शैलजा सोती की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही संस्था के महत्वपूर्ण सदस्यों श्रीमती मोनिका अरोड़ा जी, अभिषेक अग्रवाल जी, अमित अग्रवाल जी एवं श्रीमती रिचा भसीन जी ने भी सक्रिय सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
संकल्प संस्था पिछले पाँच वर्षों से शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त प्रयास कर रही है। संस्था का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण तक सीमित न होकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखना है। संकल्प एनजीओ यह मानती है कि शिक्षा ही सामाजिक बदलाव की सबसे मजबूत कड़ी है। आज जहाँ संस्था 100 से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा की ओर प्रेरित कर रही है, वहीं भविष्य में इस संख्या को बढ़ाकर 1000 से अधिक बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुँचाने का दृढ़ और स्पष्ट संकल्प भी दोहराया गया। यह आयोजन संकल्प संस्था की सोच, समर्पण और समाज के प्रति उसकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।







Leave a Reply