Bareillylive : बरेली निवासी वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार ऋषि कुमार शर्मा ‘च्यवन’ को रविवार को हिंदी भवन, दिल्ली में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कवयित्री मीनाक्षी भसीन की नवप्रकाशित पुस्तक ‘हृदय कुसुम’ के विमोचन, परिचर्चा एवं काव्य संध्या के अवसर पर प्रदान किया गया।
इस भव्य साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन अद्विक प्रकाशन और ट्रू मीडिया चैनल के सौजन्य से किया गया था। कार्यक्रम में कवि च्यवन हिंदी अकादमी, दिल्ली के पूर्व उपसचिव ऋषि कुमार शर्मा के विशेष निमंत्रण पर उपस्थित हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों के रूप में ट्रू चैनल के संस्थापक एवं संपादक ओमप्रकाश प्रजापति, वरिष्ठ प्रसार भारती अधिकारी रामऔतार भैरव, पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जनरल, प्रसार भारती एवं वरिष्ठ कवि लक्ष्मी शंकर बाजपेई, वरिष्ठ साहित्यकार ममता किरण एवं मुख्य वक्ता कवयित्री मीनाक्षी भसीन उपस्थित रहीं। सभी विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से कवि ऋषि कुमार शर्मा ‘च्यवन’ को पटका ओढ़ाकर एवं उपहार भेंट कर उनके साहित्यिक योगदान का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में देश की जानी-मानी कवयित्रियों, साहित्यकारों और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मीनाक्षी भसीन की पुस्तक ‘हृदय कुसुम’ पर एक गहन परिचर्चा का आयोजन भी किया गया, जिसमें उपस्थित विद्वानों ने पुस्तक की साहित्यिक विशेषताओं पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का दूसरा चरण एक मनमोहक काव्य संध्या के रूप में संपन्न हुआ, जहाँ उपस्थित कवियों और कवयित्रियों ने अपनी रचनात्मक ऊर्जा से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतिभागियों ने अपने संक्षिप्त किंतु प्रभावशाली काव्यपाठ से समा बाँध दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन उषा श्रीवास्तव ने किया। समारोह का समापन सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के बीच स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ हुआ। इस अवसर पर कवि च्यवन ने आयोजकों और साहित्य प्रेमियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।






