The Voice of Bareilly since 2010

अकादमिक गरिमा, पुलिस अनुशासन और न्याय की नई रणनीति से पुलिस की डिजिटल प्रणाली को धार

Bareillylive : बदलते आपराधिक कानूनों और तकनीकी न्याय प्रणाली के दौर में शनिवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय का ऑडिटोरियम पुलिस प्रशिक्षण की पाठशाला बन गया। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित एक दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में बरेली जोन के सभी नौ जनपदों के 181 थानों के पैरोकारों और कोर्ट मोहर्रिरों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कुलपति प्रो. के.पी सिंह ने कहा कि आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली में विधिक दक्षता, अभिलेखों की शुचिता और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वविद्यालय और पुलिस तंत्र के इस समन्वय को ज्ञान और प्रशासन का सशक्त संगम बताया। उन्होंने कहा कि विधिक दक्षता, अनुशासन के साथ डिजिटल पुलिस प्रणाली को धारदार बनाकर अपराधों और अपराधों की जन्मस्थली को अपराध विहीन बनाया जा सकता है।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय में हुआ यह प्रशिक्षण महज औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि बदलती आपराधिक संरचना के अनुरूप पुलिस तंत्र को अपडेट करने की सशक्त पहल बना। अकादमिक नेतृत्व और पुलिस प्रशासन का यह समन्वय आने वाले समय में विवेचना की गुणवत्ता और अभियोजन की प्रभावशीलता को नई गति देने देगा।

तीन नए कानूनों पर गहन मंथन

प्रथम सत्र में संयुक्त निदेशक (अभियोजन) अच्छेलाल यादव ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पैरोकारों और कोर्ट मोहर्रिरों की भूमिका को आपराधिक न्याय प्रणाली की धुरी बताते हुए अभियोजन की मजबूती पर जोर दिया गया।

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों से लेकर डिजिटल ट्रैकिंग तक

द्वितीय और तृतीय सत्र में उच्चतम न्यायालय और उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण आदेशों के बारे में विस्तार से बताया गया। संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण) के.के. शुक्ल ने चेन आफ कस्टडी, रिमांड प्रक्रिया, साक्ष्य प्रस्तुतिकरण, ई-समन, आईसीजेएस, सीसीटीएनएस, ई-मालखाना और एनएसटीईपी जैसे तकनीकी बिंदुओं पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। हर सत्र के बाद प्रश्नोत्तर के माध्यम से मैदानी चुनौतियों पर चर्चा हुई।

शिक्षा का अनुसंधान केंद्र बना खाकी के कानूनों की पाठशाला

कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षण निदेशालय रिजुल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। 780 प्रतिभागियों में 709 थाना पैरोकार, कोर्ट मोहर्रिर, मॉनिटरिंग सेल प्रभारी और 71 अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। मुरादाबाद परिक्षेत्र के डीआईजी मुनीराज सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!