Bareillylive : श्री हरि मंदिर मॉडल टाऊन बरेली में मंगलवार 09 दिसंबर 2025 को भक्तों की अपार भीड़ उमड़ी। सुबह के सत्र में मंदिर के पंडित सुनील शास्त्री ने विधिवत रूप से श्री हनुमान जी का पूजन एवं शृंगार किया। मंगलवार के दिन भक्तजनों की खास आस्था होती है, जो अपनी-अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए हनुमान जी की पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचते हैं।
दोपहर और शाम के सत्र में श्री हरि संकीर्तन मंडल ने भजनों की मधुर धारा की। इस दौरान रवि छाबड़ा ने “दुःख भंजन मारुति नंदन” भजन प्रस्तुत किया, संजय आनंद ने “मंगल मूर्ति राम दुलारे”, पंकज ने “आज मंगलवार है” भजन, सचिन सेठी ने “कीजे केसरी के लाल” तथा भाई सौरभ ने “राम भी मिलेगे तुझे श्याम भी मिलेगे” जैसे भक्तिमय गीत गाए। इसके अलावा जतिन दुआ ने “झूम झूम नाचे देखो भक्त हनुमान” भजन से मंदिर प्रांगण को भक्तिमय वातावरण में बदल दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव विभोर होकर हनुमान जी की आराधना में तल्लीन रहे।
शाम को सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया और फिर सामूहिक आरती में शामिल होकर हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया। इसके बाद शयन आरती संपन्न हुई और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसाद वितरण के माध्यम से सभी भक्तों को पवित्र प्रसाद मिला।
मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने बताया कि यह परंपरा पिछले कई वर्षों से जारी है जिसमें हर आयु वर्ग के लोग विशेष रूप से युवा बड़ी संख्या में जागरूक होकर भाग लेते हैं। इस कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोरा, सचिव रवि छाबड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, संजय आनंद, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार, हरीश लुनियाल, राजेश अरोरा, गिरीश आनंद और अन्य सदस्य मौजूद रहे। महिला मंडल की अध्यक्ष रेनू छाबड़ा भी अपने महिला सदस्यों के साथ इस भक्ति आयोजन में भागीदार रहीं।
युवा सदस्यों ने प्रसाद वितरण की सेवा भी की, जिससे कार्यक्रम सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ। अंत में मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया और सभी को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। इस प्रकार श्री हरि मंदिर में आज मंगलवार का दिन हनुमान जी की कृपा और भक्ति में परिवर्तित होकर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।







Leave a Reply