The Voice of Bareilly since 2010

कभी तरल, कभी सरल और कभी अटल हैं, अटल जी के शताब्दी वर्ष पर हुई काव्य गोष्ठी‌

Bareillylive : भारत रत्न अटल जी के शताब्दी वर्ष पर राजेश गौड़ को “अटल मन: कवि” की उपाधि से सम्मानित किया गया। काव्य गोष्ठी‌ में कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। साहित्यिक संस्था शब्दांगन के तत्वावधान में अध्यक्ष डॉ सुरेश रस्तोगी के आवास कूंचा डालचंद्र पर पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष पर कवियों ने कविताओं से समां बांध दिया और सभी ने मिलकर आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिशाषी रहे राजेश गौड़ को “अटल मन: कवि” की उपाधि से सम्मानित किया। राजेश गौड़ को उत्तरीय, स्मृति चिन्ह्, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर अध्यक्ष डॉ सुरेश रस्तोगी, महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी और नवगीतकार रमेश गौतम ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नवगीतकार रमेश गौतम ने की और संचालन महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी ने किया। कार्यक्रम का प्रारंभ मोहित रस्तोगी की वाणी वंदना से हुआ। अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए कवि रितेश साहनी ने कहा – “अटल इरादों से किया, भारत का उद्धार। अटल बिहारी नमन है, तुमको बारंबार।। “कवि मनोज दीक्षित टिंकू की रचना भी सामयिक रही-” धन साधन से नहीं किसी की हो पाती पहचान है। कुशल प्रणेता अटल बिहारी भू पर बहुत महान है।। “कवि गणेश पथिक ने अटल बिहारी वाजपेयी को अप्रतिम कवि बताते हुए कहा “प्रखर पत्रकार, अतुल्य संपादक अटल जी हैं। अप्रतिम वक्ता, राजनेता, अटल मन: अटल जी हैं।। “शब्दांगन के अध्यक्ष डॉ सुरेश रस्तोगी का दोहा खूब पसंद किया गया- “अटल मन: वो थे यहां, भारत भू की शान। अपने हर व्यक्तित्व से, रचे नये प्रतिमान।।

महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी की ये पंक्तियां बहुत सराही गईं-” कभी अचल, कभी अतल और कभी अनल हैं। कभी चपल, कभी असल और कभी कमल हैं। कवि मन: भारत रत्न अटल- चित्र यूं दिखा, कभी तरल, कभी सरल और कभी अटल हैं।। “सम्मानित कवि राजेश गौड़ की अटल जी से संबंधित कविता खूब सार्थक रही-” है अटल तुम्हारे पीछे हर भारत का वासी। आधी रोटी पानी से हम काम चला लेंगे। दुनिया को दिखा देंगे तूफान उठा देंगे, भारत को दुनिया का सरताज बना देंगे।।” कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नवगीतकार रमेश गौतम ने नवगीत सुनाते हुए अटल बिहारी वाजपेयी को अजातशत्रु कहकर प्रशंसित किया। अन्य प्रमुख कवियों में रणधीर प्रसाद गौड़ धीर, ए के सिंह तन्हा, रामकुमार भारद्वाज अफरोज, राम प्रकाश सिंह ओज, राजकुमार अग्रवाल, मेधावृत शास्त्री, बिंदू सक्सेना, नरेंद्र पाल सिंह, विशाल शर्मा, वंश कक्कड़ ने भी अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रशंसा में काव्यपाठ किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी ने किया और शब्दांगन के अध्यक्ष डॉ सुरेश रस्तोगी ने सभी कवियों को नववर्ष पर खूबसूरत पेन भेंट किए। अंत में वरिष्ठ कवि स्वर्गीय राममूर्ति गौतम गगन के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया।

error: Content is protected !!