Bareillylive : मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में रविवार को डी.डी. पुरम स्थित शहीद स्मारक पर शहीद लेफ्टिनेंट पंकज अरोरा के 22वें बलिदान दिवस के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के वन मंत्री डा. अरुण कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मेयर डा. आई.एस. तोमर उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पूर्व सैनिक और क्षेत्रवासी एकत्र होकर शहीद को नमन करने पहुंचे।
सभा में वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि लेफ्टिनेंट पंकज अरोरा ने बहुत कम उम्र में देश की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति दी। वर्ष 2003 में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान जम्मू-कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ हुई कार्रवाई में उन्होंने असाधारण साहस और जांबाजी का परिचय दिया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने कई आतंकवादियों का सफाया कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश मुखबिरों की गलत सूचना के कारण वह वीरगति को प्राप्त हो गए। उनकी शहादत आज भी युवाओं को प्रेरणा देती है कि देश सर्वोपरि है और राष्ट्रहित में प्राणों का बलिदान ही सर्वोच्च कर्तव्य है।
मानव सेवा क्लब ने शहीद की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष यह आयोजन शुरू किया है। इसी क्रम में इस वर्ष क्लब की ओर से ग्यारहवाँ “पंकज अरोरा वीरता सम्मान” लेफ्टिनेंट कर्नल सत्य प्रकाश साहू को प्रदान किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल सत्य प्रकाश वे जांबाज अधिकारी हैं जिन्होंने कारगिल युद्ध में अपनी टुकड़ी का सफल नेतृत्व किया और विजय पताका फहराई थी। उन्हें यह सम्मान वन मंत्री डा. अरुण कुमार, पूर्व मेयर डा. आई.एस. तोमर, शहीद पंकज अरोरा के पिता श्री श्याम सुंदर अरोरा एवं माता श्रीमती प्रेमलता अरोरा, क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र ‘बीनू’ सिन्हा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से भेंट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शहर के विभिन्न गणमान्य नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए, जिनमें सभासद सतीश कातिब, पूर्व सभासद गुलशन आनंद, अभय सिंह भटनागर, मंजू लता, वेद प्रकाश, इन्द्र देव त्रिवेदी, बिपिन गर्ग, जी.एस. मेहरा, कैप्टन रामलाल, शचीन्द्र सक्सेना, किरण सक्सेना, नरेश मलिक, मुकेश सक्सेना व स्वाति सक्सेना शामिल रहे। इसके अतिरिक्त एक्स सर्विसमेन एसोसिएशन के कई पदाधिकारी भी विशेष रूप से श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र ‘बीनू’ सिन्हा ने किया तथा उन्होंने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार प्रकट किया। सभा के अंत में उपस्थित जनसमूह ने शहीद पंकज अरोरा अमर रहें, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाकर वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।





