The Voice of Bareilly since 2010

चुनावी बेला में “दल-बदल का खेला”, अब विपक्षी दलों के 2 विधायक भाजपा में शामिल

दो विधायक भाजपा में शामिल

लखनऊः चुनावी बेला में “दल-बदल का खेल” “रोमांचक” होता जा रहा है। कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई विधायकों के मंगलवार को पार्टी छोड़ देने से आहत भाजपा ने आज बुधवार को विरोधी पार्टियों के दो विधायकों को अपने पाले में कर खुद को मरहम लगाने की कोशिश की। इसमें उसे बड़ी सफलता भी मिली। मुलायम सिंह यादव परिवार के बेहद करीबी कहे जाने वाले सिरसागंज विधायक हरिओम यादव और सहारनपुर की बेहट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी भाजपा में शामिल हो गये हैं। हाल ही में सपा में शामिल हुए आगरा की एत्मादपुर सीट से बसपा के पूर्व विधायक डॉ धर्मपाल सिंह भी भगवाधारी हो गये हैं।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए फिलहाल कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा है। जाट लैंड के बड़े नेता माने जाने वाले इमरान मसूद और सहारनपुर देहात सीट से कांग्रेस विधायक मसूद अख्‍तर के सपा में जाने के बाद बेहट से पार्टी के विधायक नरेश सैनी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इससे पहले रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह भी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। सहारनपुर में कांग्रेस के दो विधायक थे और दो दिन के अंतराल में एक सपा और दूसरा भाजपा में शामिल हो गया।

नरेश सैनी ने लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

यादव परिवार को बड़ा झटका

फिरोजाबाद में सपा का गढ़ माने जाने वाले सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने सेंध लगा दी है। सपा से निष्कासित चल रहे विधायक हरिओम यादव ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। यादव बाहुल्य क्षेत्र में 2012 और 2017 में सपा के हरिओम यादव ने जीत हासिल की थी। 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद जिला पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उनकी सपा नेतृत्व से रार शुरू हुई। हरिओम और उनके पुत्र पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप को सपा से निष्कासित कर दिया गया।

error: Content is protected !!