The Voice of Bareilly since 2010

कछला में गंगास्नान करते वक्त दो युवक डूबे, एक का शव बरामद,  दूसरे की तलाश जारी

कछला गंगा घाट

उझानी (बदायूं) : कछला में गंगा में स्नान करते वक्त आगरा के दो युवक अचानक गहरे पानी में समा गए। शोर-शराबा होने पर गोताखोरों ने नदी में उतर कर एक युवक को मृत अवस्था में बाहर निकाला जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। उधऱ दोनों युवकों के गंगा में डूबने की सूचना पर उनके परिवारों में कोहराम मच गया है और घर के लोग और नाते-रिश्तेदार कछला पहुंच गए।

आगरा के थाना ताजगंज के गांव महुआखेड़ा निवासी 28 वर्षीय राहुल पुत्र बलबीर शर्मा अपने भाई सोनू शर्मा और गांव के ही 23 वर्षीय सचिन पुत्र रामनाथ व अन्य साथियों के साथ उझानी क्षेत्र के कछला घाट पर गंगा-स्नान करने आया था। बताते हैं कि राहुल और सचिन एक साथ स्नान कर रहे थे जबकि सोनू शर्मा अलग नहा रहा था। इसी दौरान राहुल और सचिन गहरे पानी में पहुंच कर डूबने लगे। दोनों को डूबता देख सोनू ने शोर-शराबा शुरू कर दिया लेकिन तब तक दोनों गहरे पानी में डूब चुके थे।

सोनू की चीख-पुकार सुन गोताखोरों ने गंगा में उतर कर दोनों की तलाश शुरू कर दी। आगरा के दो युवकों के गंगा में डूबने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद राहुल का शव गंगा के गहरे पानी से निकाल लिया जबकि समाचार लिखे जाने तक सचिन का कुछ पता नहीं चला था।

कछला चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि राहुल का शव मिल गया है जबकि सचिन के शव की तलाश कराई जा रही है। दोनों के परिवारों को मामले की सूचना दे दी गयी है।

error: Content is protected !!