The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश : रक्षाबंधन पर बहनों को मुफ्त बस यात्रा का उपहार, मास्क भी मिलेगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार इस साल भी रक्षाबंधन पर बहनों को उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा का उपहार देगी। 21 अगस्‍त की आधी रात से 22 अगस्‍त की आधी रात तक राज्‍य की सभी श्रे‍णी की सरकारी बसों में बहनों को यह सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्हें मास्क भी दिया जाएगा।  मुख्यमंत्री आदित्‍यनाथ के निर्देश पर परिवहन निगम के अधिकारियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा।

पिछले साल करीब साढ़े तीन लाख बहनों ने इस सुविधा का लाभ उठाते हुए रक्षाबंधन के मौके पर परिवहन निगम की बसों से यात्रा की थी। 

महिलाओं को कुछ और तोहफे देने की भी तैयारी

राज्‍य सरकार इस रक्षाबंधन बहनों को बस में मुफ्त यात्रा के अलावा महिलाओं को कुछ और तोहफे देने की भी तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है रक्षाबंधन के ठीक एक दिन पहले शुरू हो रहे मिशन शक्ति के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला पुलिसकर्मियों को बीट पुलिस अधिकारी के पद पर तैनाती का गिफ्ट देंगे। महिला पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए सभी जिलों में बालवाड़ी का उपहार भी मिलेगा। इसके अलावा लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य समारोह कन्या सुमंगला योजना से वंचित 1.5 लाख बेटियों को और निराश्रित महिला पेंशन योजना की पात्र 1.73 लाख नई लाभार्थी महिलाओं को योजना से जोड़ा जाएगा।

error: Content is protected !!