The Voice of Bareilly since 2010

#InternationalYogaDay: बरेली कॉलेज में हुआ योग संगम, प्रभारी मंत्री ने बताये योग के फायदे

बरेली@BareillyLive. 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (InternationalYogaDay) पर शनिवार को बरेली कॉलेज मैदान एवं अर्बन हॉट सभागार में योगाभ्यास-योग संगम का आयोजन किया गया। यहां सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। लोग सुबह साढ़े पांच बजे से मैदान में एकत्र होना शुरू हो गये थे।

आयोजन के मुख्य अतिथि बरेली के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, विशेष अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ उमेश गौतम, नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव सौरभ बाबू रहे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने इन सभी स्वागत किया।

प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने ‘न तस्य रोगों न जरा न मुत्युः, प्राप्तस्य योगाग्निमयं शरीरम्’ की व्याख्या करते हुए बताया कि कैसे योग से रोगों का विनाश करते हुए, लम्बी आयु प्राप्त की सकती है। उन्होंने कहा कि नित्य योग करने से स्वास्थ्य लाभ होता है और जीवन निरोगी बन सकता है। प्रभारी मंत्री ने योग को अन्तर राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद भी दिया।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशाखापट्टनम के कार्यक्रम में सम्बोधन का सीधा प्रसारण भी बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। इसके बाद योगाभ्यास कराया गया। इनमें ओम के उच्चारण से शुभारम्भ किया गया। तदुपरान्त गर्दन, घुटने, रीढ़ आदि से सम्बन्धित अनेक आसन कराकर लोगों को उनके लाभों के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डन अपने उपनियंत्रक राकेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे। इन वार्डनों ने बरेली कॉलेज मैदान पर न केवल योगाभ्यास किया बल्कि व्यवस्था में भी पूर्ण सहयोग दिया।

इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी, अन्य राज्य कर्मचारियों के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने योगाभ्यास में भाग लिया। हालांकि कार्यक्रम शुरू होते होते तेज धूप फैल चुकी थी, जिससे अनेक लोग बिना योगाभ्यास किये ही लौट गये।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक डॉ राघवेन्द्र शर्मा, विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डॉ डीसी वर्मा आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!