The Voice of Bareilly since 2010

महिला ने खुद को मरा साबित कर बीमा कंपनी से ऐंठे 11 करोड़ रुपये, 9 साल बाद फूट गया भांडा

इस्‍लामाबाद। लोग रुपये कमाने और अमीर बनने के लिए क्या-क्या नहीं करते हैं लेकिन पाकिस्तान में एक महिला ने तो करोड़पति बनने के लिए खुद को ही मृत घोषित करवा दिया। यह सारा खेल बीमा पॉलिसियों की धनराशि हड़पने के लिए किया गया। वह ऐसा करने में सफल भी हो गई और उसे 11 करोड़ रुपये (भारतीय मुद्रा के मुताबिक) मिल भी गए। उसके इस काम में अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आई है। अधिकारियों ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह मामला करीब एक दशक पुराना है। महिला ने पाकिस्‍तान के डॉक्‍टरों सहित कुछ स्‍थानीय अधिकारियों को रिश्‍वत देकर अपना ही मृत्‍यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। दस्‍तावेजों में भी इस बात का उल्‍लेख किया गया है कि मह‍ला को दफनाया गया है। जांच अधिकारियों ने कहा है कि इस प्रमाण पत्र का उपयोग करते हुए उसके बच्‍चों ने 1.5 मिलियन डॉलर (लगभग 23 करोड़ पाकिस्तानी रुपये) के दो लाइफ इंश्‍योरेंस भुगतान करने का दावा पेश किया।

चौंकाने वाली बात यह है कि मृत घोषित किए जाने के बाद इस महिला ने कराची अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से कम से कम 10 बार विदेश यात्रा की। जाहिर तौर पर उसने ऐसा करने के लिए जाली दस्‍तावेजों को प्रयोग किया। हैरत की बात है कि कोई भी एयरलाइन इस फर्जीवाड़ा का पता लगाने में अक्षम रही। अधिकारियों ने कहा इस महिला ने कुल पांच देशों का दौरा किया है।

एफआईए मानव तस्करी सेल ने अब महिला, उसके बेटे, बेटी और कुछ स्थानीय सरकारी अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए हैं, जिनमें एक डॉक्टर भी शामिल है। अधिकारी ने कहा, “अमेरिकी अधिकारियों ने हमें इस महिला के बारे में सतर्क किया और हमने बड़े पैमाने पर इस धोखाधड़ी की जांच शुरू की।”

error: Content is protected !!